असरगंज | चोरगांव पंचायत के पुरुषोत्तमपुर मध्य विद्यालय में सोमवार को क्षेत्रीय विधायक मेवालाल चौधरी की उपस्थिति में जनदर्शन कार्यक्रम हुआ। चोरगांव की वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4 और 5 के लोगों की समस्या विधायक ने सुनी। शौचालय से संबंधित 80 लाभुकों ने 1 वर्ष पूर्व शौचालय बनाने के बाद भी अभी तक राशि नहीं मिलने की शिकायत विधायक से की। बताया कि जिसने कमीशन दिया उसे ही शौचालय की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में लाभुकों ने बताया कि मकान बनाया है, लेकिन कमीशन के लिए आवास सहायक तरुण कुमार अवैध राशि मांगते हैं। नहीं देने पर कहते हैं कि अगली किस्त नहीं मिलेगी। विधायक ने इंदिरा आवास सहायक तरुण कुमार पर कार्रवाई की बात कही। साथ ही बीडीओ को जांच कर लाभुक को अविलंब अगली किस्त मुहैया कराने का निर्देश दिया। शिविर में पेंशन संबंधी 80 आवेदन दिए गए। इसके अलावा कई समस्याओं की ओर ग्रामीणों ने विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया।