27 करोड़ रुपए से बन रहा कन्या शिक्षा परिसर, नहीं हो रही तराई
रजूर पुनर्वास स्थल पर निर्माणाधीन शिक्षा परिसर।
आशापुर | पुनर्वास स्थल रजूर में शिक्षा विभाग द्वारा 27 करोड़ की लागत से शिक्षा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की पीआईयू शाखा को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। इसने ग्वालियर की एक कंपनी को ठेका दिया है। निर्माण पूर्ण होने पर इसमें 500 छात्राएं रहकर पढ़ाई कर सकेंगी। निर्माण स्थल पर पानी की कमी के चलते भवन की तराई नहीं हो पा रही है। ठेकेदार को टैंकर से पानी बुलाना पड़ रहा है। भवन निर्माण कंपनी के प्रबंधक अजय अग्रवाल ने बताया निर्माण अप्रैल 2017 में शुरू हुआ था। इसे ठीक एक साल बाद 2019 में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया शिक्षा परिसर में पानी की बड़ी समस्या है। चार ट्यूबवेल कराए गए लेकिन एक में भी पानी नहीं निकला। गांव से टैंकर बुलाकर पानी का इंतजाम कर रहे हैं। लोनिवि को सूचना देने के बाद भी पानी का इंतजाम नहीं किया जा रहा है।