मरीज से मिलने पहुंचे युवक को सींग मारकर घायल किया
मरीज से मिलने पहुंचे युवक को सींग मारकर घायल किया
भास्कर संवाददाता | अशोकनगर
अस्पताल में निगरानी के लिए 13 गार्ड लगाए गए हैं जो ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहते। इसके चलते अस्पताल में आवारा मवेशी घूमते रहते हैं। इससे अस्पताल में आने वाले मरीज, अटेंडर परेशान होते रहते हैं। बुधवार को अपने परिजन को देखने पहुंचे अटेंडर को आवारा मवेशी ने सींग मारकर घायल कर दिया। बाद में इन मवेशियों को सफाई कर रहे कर्मचारी ने भगाया।
बुधवार सुबह 10 बजे आशीष सोनी अस्पताल में भर्ती अपने परिजन को देखने पहुंचे थे तभी अस्पताल परिसर में खड़े आवारा मवेशी ने उसे पीछे से सींग मार दिया। इससे उसे मामूली चोट आ गई। मौके पर मौजूद सफाई कर्मचारियों ने युवक को बचाने के लिए मवेशियों को खदेड़कर भगा दिया। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले ही जिला अस्पताल में सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए।
करीब 13 गार्ड अस्पताल में पदस्थ है, लेकिन मौके पर एक दो गार्ड को छोड़कर कोई दिखाई ही नहीं देता। सबसे ज्यादा दिक्कत भर्ती पर्चा बनवाने वाले काउंटर पर आती है जहां ठंडक होने के कारण मवेशी बैठ जाते हैं। जबकि अस्पताल के गेट पर ही सुरक्षा गार्ड खड़े रहते हैं जो मवेशियों को रोकते नहीं हैं।