अशोकनगर/चंदेरी| जिले में विकासखंड स्तरीय शिक्षक परिवेदना शिविर लगाया गया। जिला मुख्यालय पर बालक उमा विद्यालय में यह शिविर लगाया गया जहां शिक्षकों ने अपनी समस्याएं बताई। इस बीच मप्र शिक्षक कांग्रेस ने शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन बीईओ बीके बामोरिया को दिया। शिक्षक कांग्रेस जिलाध्यक्ष भोलाराम शर्मा ने बताया कि शिक्षकों को 1 जुलाई 2017 से 1% डीए एरियर का भुगतान किया जाए। 1 जनवरी 2016 से 30 जून 2017 तक का 7वें वेतनमान के एरियर का भुगतान हो, 1 जुलाई 2017 से 30 सितंबर 2017 तक का 7वें वेतनमान के एरियर का नगद भुगतान किया जाए। प्रति माह वेतन भुगतान विलंब से हो रहा है वेतन प्रतिमाह की 2 तारीख तक भुगतान किया जाए। सेवा पुस्तकाएं अपूर्ण है इनमें सेवा सत्यापन, वेतन वृद्धि, वेतन निर्धारण, अवकाश लेखा पूर्ण कर कोष एवं लेखा द्वारा सत्यापन कराया जाए। 24 साल की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों की अविलंब जानकारी एकत्रित कर डीईओ के माध्यम से सूची एवं आदेश जारी करवाए जाएं। इस अवसर पर महामंत्री बलराम शर्मा, तहसील अध्यक्ष गोविंद कुशवाह, सचिव रविंद्र बापट मौजूद रहे। वहीं चंदेरी में शिविर का शुभारंभ संयुक्त संचालक विकास जोशी ने किया। इस बीच 50 आवेदन शिक्षकों के आए जिनमें वेतन विसंगति सहित अन्य समस्याओं के शामिल रहे। इस अवसर पर डीईओ आदित्य नारायण मिश्रा, बीईओ अजय पाठक मौजूद रहे।