जिले के जारसल गांव में पानी की समस्या है। गांव के सभी हैंडपंप जलस्तर गिरने के कारण सूख गए हैं। इस कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। गांव के लोगों को दो किमी दूर स्थित एक कुएं का मटमैला पानी पीना पड़ रहा है। यहां के रहवासी सुबह से ही कुएं पर पहुंचकर अपनी जरूरत का पानी ढो रहे हैं।
लोगों ने अपनी समस्या की जानकारी कई बार पीएचई विभाग को दी। लेकिन पीएचई के कर्मचारियों ने उनकी समस्या को हल करने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। इस पर लोगों ने पूर्व जिपं अध्यक्ष मलकीत सिंह संधू को अपनी समस्या से अवगत कराया। इस पर श्री संधू गुरुवार को जारसल गांव पहुंचे। पूर्व जिपं अध्यक्ष मलकीत सिंह ने कहा कि गांव में लगे सभी हैंडपंप सूख चुके हैं। उनमें पानी नहीं है। गांव के लोगों को एकमात्र पानी का साधन कुआं है जो गांव से दो किमी दूर लगा हुआ है। गांव के लोग इस कुएं का मटमैला पानी पी रहे हैं। श्री संधू ने बताया कि उन्होंने गांव में पहुंचकर पीएचई के अधिकारियों को फोन लगाया था। पीएचई के अधिकारियों ने जारसल गांव की समस्या को दिखवाकर दूर कराने का आश्वासन दिया।
कुएं पर ग्रामीणों के साथ खड़े पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीत सिंह।