वार्ड में कचरा दिखने पर सीएम को लगाई फटकार
अशोकनगर| नवागत कलेक्टर शनिवार शाम जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची। सर्जिकल वार्ड में गंदगी दिखने पर सिविल सर्जन से कहा मुझे गंदगी दिख रही है। ऐसा नहीं चलेगा, सफाई होने के बाद झाड़ू भी नहीं दिखना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने ओपीडी में डॉक्टर्स की टेबल एक साथ लगी देखकर कहा कि मरीज अपने मन की बात डॉक्टर्स को बता ही नहीं पाता होगा, इसके लिए टेबलों को दूर-दूर कराए और बीच में जालियां लगाएं, जिससे मरीज डॉक्टर्स से बेझिझक होकर अपनी समस्या बता पाए।
कलेक्टर डॉ.मंजू शर्मा सबसे पहले दवा वितरण केन्द्र पर पहुंची जहां अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली और दवाओं की सूची लगाने के निर्देश दिए। केन्द्र से जैसे ही बाहर निकलीं साइड से टूटी बैंच दिखी। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ.एवी मिश्रा से कहा यह नहीं चलेगी, इसे सुधरवाएं। सर्जिकल वार्ड में जैसे ही कलेक्टर पहुंची वहां गंदगी फैली हुई थी और साइड से झाड़ू डला मिला। उन्होंने कहा कि गंदगी मुझे दिख रही है। सफाई के बाद झाड़ू भी यहां न दिखे।