पार्वती नदी सूखने से सप्ताह में एक बार मिल रहा पानी, जलसंकट बढ़ा
नगर में इन दिनों गंभीर जलसंकट की समस्या देखने को मिल रही है। यहीं कारण है कि नगर में अब एक सप्ताह में एक बार जल प्रदाय नगर पालिका द्वारा किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जलसंकट की हालत अधिक खराब होने लगी है।
नगर की पार्वती नदी पूरी तरह से सूख चुकी है। इस वजह से नगर पालिका अधिग्रहित ट्यूबवेलों से पानी का संग्रहण करने में लगी हुई है। इस वजह से जलप्रदाय की टंकियों में भराव में कमी आने के कारण जलप्रदाय की जलप्रदाय व्यवस्था बिगड़ गई है। जलसंकट के कारण लोग हैंडपंपों व ट्यूबवेलों से पानी लाते हुए दिखाई दे रहे हैं। नगर के बड़ा बाजार व पुरानी सब्जी मंडी के हैंडपंपों पर रात 12 बजे तक पानी भरने वाले लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। इस बार जलसंकट को देखते हुए पानी के टैंकर वालों ने भी 400 की बजाए 500 रुपए तक पानी के रेट बढ़ा दिए हैं। नगर में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। इसके बाद भी नगर पालिका ने अभी तक पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की है। इस संबंध में नपा सीएमओ केएल सुमन का कहना है कि नपा का पूरा अमला पानी व्यवस्था के लिए जुटा हुआ है।