तीन दिन से टेलीफोन और दो दिन से इंटरनेट सेवा ठप
नगर में तीन दिन से भारत संचार निगम लिमिटेड के लैंडलाइन फोन ठप पड़े हुए हैं। वहीं दो दिन से इंटरनेट सुविधा भी ठप है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर सहित क्षेत्र में लैंडलाइन बीएसएनएल की टेलीफोन और इंटरनेट सुविधा से लोग परेशान हो रहे हैं।
शुक्रवार सुबह से बंद इंटरनेट सेवा शनिवार को भी बंद रही। इसके बाद भी उसमें सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है। इससे व्यापारियों और शासकीय कार्यालयों के काम प्रभावित हो रहे हैं। वहीं मीडिया संस्थाओं में भी बीएसएनएल सेवाएं होने के कारण कामकाज प्रभावित हुए।
नगर में वैसे ही बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क की सुविधा को अभी तक नहीं सुधारा जा सका है। बीएसएनएल द्वारा उपभोक्ताओं की समस्या सुनने के लिए जब भी खुला मंच का आयोजन किया जाता है उसमें नेटवर्क की समस्या के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाता है। इसके बाद भी टॉवरों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हो रही है। इस संबंध में बीएसएनएल के एसडीओटी पीएल पेरवाल का कहना है कि तकनीकी खराबी को सुधारा जा रहा है।