नगर में फिर शुरू हुआ बाइक चोरी होने का सिलसिला
आष्टा| नगर में पुलिस की सुस्ती के कारण फिर से बाइक चोरियों का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले चार दिनों में तीन बाइक चोरी हो चुकी हैं। इस समय शादियों की भीड़-भाड़ के कारण चोरी की वारदातें भी बढ़ी हैं। इसके अलावा जो मकानों में चोरी हुई थीं उनका अभी तक कोई सुराग भी नहीं लगा है।
नगर के बजरंग कॉलोनी आष्टा निवासी जुगल किशोर पुत्र मदनलाल वर्मा आयु 52 साल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 16 अप्रैल को सुबह 9 बजे अपने दोस्त बाबूलाल वर्मा के यहां रॉयल कॉलोनी चौपाटी बायपास पर गया था। बाबूलाल वर्मा के मकान के सामने अपनी डीलक्स बाइक खड़ी करके अंदर गए थे। 20 मिनट बाद वापस आए तो बाइक गायब थी। काफी तलाशने के बाद बुधवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसी तरह 17 अप्रैल को विनायक नेत्रालय के सामने से इलाज कराने आए एक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई। इसी तरह 18 अप्रैल को भी कन्नौद रोड से एक बाइक चोरी हुई है। इस तरह से नगर में आए दिन बाइक चोरी हो रही हैं। नगर के आधा दर्जन स्थानों पर मकानों में हुई लाखों की चोरियों का सुराग पुलिस नहीं लगा सकी है।