आष्टा| सिद्दीकगंज गांव में लोगों की सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, लेकिन वह बीते तीन सालों से बंद पड़ी हैं। इस कारण शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में कुछ वर्षों पहले स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी जिनकी तरफ ग्राम पंचायत द्वारा ध्यान नहीं देने से कई खंभों पर बिजली बल्ब नहीं है तो कई स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। इससे शाम होते ही पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है। इस कारण मजबूरन लोगों को रात में घरों से निकलते समय टार्च लेकर निकलना पड़ता है। गलियों में अंधेरा होने से कई बार लोगों के पैर फिसलने से वह दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। इस संबंध में कई बार गांव के लोगों ने सरपंच व सचिव को भी अवगत कराया उसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
इधर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से परेशानी: विकासखंड के गिने चुने गांवों में ही स्ट्रीट लाइट लगी है। वह भी जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बंद पड़ी है। अधिकांश गांवों में स्ट्रीट लाइट नहीं लगी होने से यहां के लोगों को रात में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने स्ट्रीट लाइट की मांग की है।