बैंकों के सामने वाहनों को बेतरतीब खड़ा करने से आ रही हैं दिक्कतें
नगर में बैंकों के सामने पार्किंग व्यवस्था की समस्या का हल पुलिस-प्रशासन भी नहीं कर पा रहा है। इस कारण इस समस्या से नगर के लोगों की मुश्किल बनी हुई है। लोग सड़क के दोनों आेर हर कहीं वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। इससे आने जाने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। वहीं आवागमन भी बाधित हो रहा है।
नगर में लंबे समय से पार्किंग का अभाव है। इसके चलते लोग हर कहीं वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। वहीं बैंकों के पास भी पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। इससे प्रत्येक दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर में कन्नौद रोड पर आधा दर्जन बैंकों को छोड़ दिया जाए तो मुख्य बाजारों में बैंकों के सामने अव्यवस्था बनी रहती है।
इन बैंकों के सामने ज्यादा दिक्कतें
नगर में वर्तमान में किसी भी बैंक के पास वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग आदि की व्यवस्था नहीं है। इससे लोग मनमर्जी से हर कहीं वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। गंज स्थित भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, नर्मदा मालवा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, कन्नौद रोड स्थित एसबीआई आदि के सामने सड़क पर ही वाहन खड़े हो रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को बैंक के अंदर जाने में दिक्कत होती है। जबकि इन्हीं बैंकों में सबसे ज्यादा लोग लेनदेन करने पहुंचते हैं।