आष्टा | नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के रूप में
आष्टा | नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के रूप में मेरा कर्तव्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ नगर के प्रत्येक नागरिक को उसकी पात्रता के अनुरूप शीघ्र से शीघ्र मिले। यह बातें नपाध्यक्ष कैलाश परमार ने अपने मुख्य आतिथ्य में नगर पालिका परिषद के सहयोग से दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत पथ विक्रेता सहायता घटक के तहत दो दिवसीय पथ विक्रेता प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर कहीं। नपाध्यक्ष श्री परमार ने बताया कि उक्त शिविर में पथ विक्रेताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों की जानकारी पथ विक्रेता संबंधित नियम एवं कानून की जानकारी, स्वच्छता अपशिष्ट निवारण, खाद्य सुरक्षा कानून आदि की जानकारियां दी जा रही हैं। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने व्यवसाय को भली प्रकार करके अपनी तरक्की करें, ताकि उसकी तरक्की से देश के विकास में उसकी भागीदारी हो सके। प्रशिक्षण का प्रारंभ नपाध्यक्ष परमार ने भारत मां के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से प्रशिक्षणदाता सुनील राठौर, ओम गोस्वामी, रामेश्वर बागवान, पदम सिंह, दीपक सिंह, नरेंद्र राय सहित संस्थान के सभी सहयोगी उपस्थित रहे।