जलसंकट का समाधान नहीं होने पर आप घेरेगी नपा को
नगर में जल संकट के चलते नलों में 6 दिन छोड़कर नगर पालिका जल प्रदाय कर रही है। जिससे लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकते फिर रहे हैं। यदि इस समस्या का हल 7 दिवस में नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी प्रदर्शन कर नपा का घेराव करेगी।
यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आईए खान ने विज्ञप्ति जारी कर कही। उन्होंने बताया कि नगर पालिका नगर में 6 दिन छोड़कर सिर्फ 15 से 20 मिनट पानी सप्लाई कर रही है। इसके चलते गर्मी व शादियों के मौसम में पानी का भीषण संकट उत्पन्न हो गया है। दूसरी तरफ टैंकर की लूट शुरू हो चुकी है। यह सब नगर पालिका की लापरवाही पदाधिकारियों की अदूरदर्शिता की वजह से हुआ है। यदि समय रहते पूर्व से जल संकट से निपटने के लिए पर्याप्त प्रयास किए होते तो आमजन को परेशानी नहीं उठानी पड़ती। पिछले साल भी जल संकट उत्पन्न हुआ था जिसके चलते मप्र सरकार द्वारा पेयजल की समस्या का हल निकालने के लिए नगर पालिका को समुचित राशि भी समय रहते उपलब्ध करा दी थी। इसके बाद भी नगर पालिका उसका उस राशि का सदुपयोग समय रहते नहीं कर सकी। बागेर से पानी लाने के लिए पाइप लाइन डाली जा रही है जिसके बारे में मार्च माह में कहा जा रहा था की 5 से 6 दिन में लाइन चालू हो जाएगी। जबकि अभी तक पाइप लाइन चालू नहीं हुई है। वही टेंकरों से पानी बुलाया जा रहा है। जिससे आम जनता का पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। अभी तो गर्मी की शुरुआत है आगे ओर परेशानियों का सामना आम जनता को करना पड़ सकता है। यदि 7 दिवस के अंदर व्यवस्था नहीं सुधरी तो आम जनता व महिलाओं को साथ लेकर नगर पालिका का घेराव व प्रदर्शन किया जाएगा।