बिना सूचना के 4.30 घंटे गुल रही नगर की बिजली
इस महीने में बिजली कंपनी ने नगर में तीन बार मेंटनेंस का कार्य किया है। मेंटनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जाती है। वहीं रविवार को नए कार्य के चलते पूरे नगर की बिजली 4.30 घंटे बिना कोई सूचना के बंद रखी गई। इस कारण लोगों को गर्मी के कारण काफी परेशानी से होकर गुजरना पड़ा। इस वजह से व्यापारी वर्ग को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार को पॉवर स्टेशन पर नए कार्य होने के कारण बिजली सुबह 8 बजे से लेकर 12.30 बजे तक बंद रखी गई। इस बार बिजली सप्लाई बंद रखने की पूर्व से कोई सूचना नहीं दी गई थी। इस वजह से लोग अपने निर्धारित काम पहले से नहीं कर सके। बिजली कंपनी समय-समय पर मेंटनेंस का कार्य करती है। उसके बाद भी बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है।
रविवार को 33 केवी में शहर उपकेंद्र में निर्माण शाखा सीहोर द्वारा नए कार्य को लेकर बिजली कंपनी ने 4.30 घंटे पूरे नगर की सप्लाई बंद रखने की सूचना जारी नहीं की गई थी। इस समय अधिक गर्मी और बिजली गुल रहने से अधिक दिक्कत हुई। नगर में बिजली ट्रिप होने की समस्या तो लगातार बनी हुई है। वहीं किसान प्याज की फसल में सिंचाई करने में लगे हुए हैं। दूसरी तरफ बिजली कंपनी के कर्मचारियों द्वारा बकाया जमा कराने किसानों पर दबाव बनाया जा रहा है। जिन गांवों में अधिक बकाया है उन गांवों की बिजली काटी जा रही है।