आष्टा | नगर में पिछले तीन दिनों से बिजली कटौती ने लोगों को परेशान किया हुआ है। दिन में कई बार बिजली के आने जाने से गर्मी से इतने परेशान नहीं हो रहे हैं जितने पानी की वजह से हो रहे हैं। बिजली के अभाव में पंप नहीं चलने के कारण लोगों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है। इसी तरह बिजली केबल में आगजनी की घटना भी हो रही है।
कंपनी के अधिकारियों की लापरवाही से मेवाड़ा कॉलोनी में बीती दो रात से लगातार केबल लाइन में आग लग रही है। जिसे लाइट बंद हो जाती है जिससे लोगों को रात भर बिना बिजली के सोना पड़ता है। पिछले दो दिनो से लगातार खंभों में आग लगने से पूरा मोहल्ला दहशत में है। घटिया केबल होने के कारण नगर में कहीं पर भी इस तरह की स्थिति देखने को मिल सकती है। इस समय नगर में जल संकट की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ रहा है। जब नल आते हैं तो संबंधित फीडर की बिजली गुल रहती है। कम प्रेशर के कारण लोगों को पानी भरने में परेशानी आती है। इसी तरह बिजली नहीं होने से ट्यूबवेल आदि जलस्रोत भी बंद रहते हैं।