पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रोड मैप तैयार, जल्द दूर होगी गांवों की पेयजल समस्या : संतोष यादव

रोड मैप तैयार, जल्द दूर होगी गांवों की पेयजल समस्या : संतोष यादव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नारनौल | हरियाणा विधानसभा की उपाध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दक्षिण हरियाणा के सभी गांवों की पानी की समस्या को दूर करने के लिए रोड मैप तैयार किया है। इससे दक्षिण हरियाणा में जल्द ही पानी की समस्या का निराकरण हो सकेगा। पानी की समस्या का समाधान होने के बाद नावदी-रामपुरा समेत पेयजल किल्लत से जूझ रहे अनेक गांवों के लोगों का पलायन रुकेगा। संतोष यादव रविवार को अटेली विधानसभा क्षेत्र के गांव नावदी, रामपुरा व कांटी में लोगों को संबोधित कर रही थी।

इस दौरान गांव रामपुरा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डिप्टी स्पीकर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में पानी समेत तमाम विकास के मामलों में दक्षिण हरियाणा की उपेक्षा की गई है। यही कारण है कि पिछले तीन दशक से दक्षिण हरियाणा में पानी की बड़ी समस्या उभरकर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने पेयजल किल्लत से जूझ रहे गांवों में 1 से 5 किलोमीटर तक लंबी पाइपलाइन दबाकर पानी पहुंचाने का कार्य शुरू किया है।

अटेली हल्के के लिए इस साल मंजूर करवाए 29 बोरवेल : डिप्टी स्पीकर ने बताया कि कांटी में 16.70 लाख रुपए की लागत से दो बोरवेल व 800 मीटर की पाइपलाइन दबाकर गांव में पानी पहुंचाया गया है। नावदी में 94. 50 लाख से दो बोरवेल व 48 हजार मीटर की पाइपलाइन दबाकर गांव को मीठे पानी की सुविधा मुहैया करवाई। इसी प्रकार गांव खेड़ी में 36.17 लाख की लागत से दो बोरवेल व 950 मीटर लंबी पाइपलाइन दबवाई गई। खेड़ी में ही 4.50 लाख की लागत से हरिजन बस्ती में बोरवेल करवाकर मीठे पानी की सुविधा मुहैया करवाई गई हैं। गांव रामपुरा एवं खेड़ी में दो आरओ सिस्टम भी लगवाए गए हैं। इससे ग्रामीणों को पीने का शुद्ध पानी मिलेगा।

गांव रामपुरा में 60 लाख 40 हजार रुपए की लागत से दो बोरवेल व 2800 मीटर पाइपलाइन दबाकर पानी की सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी, लेकिन भूजलस्तर की वजह से दोनों बोरवेल सुख गए हैं। ऐसे में यहां उन्होंने तुरंत प्रभाव से चीफ इंजीनियर पब्लिक हेल्थ से बात करके नए दो बोरवेल करवाने के दिशा-निर्देश दिए। करीब 18 लाख 50 लाख की लागत से 2 नए बोरवेल का कार्य कल से शुरू हो गया है। इनके शुरू होने से गांव में पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा और गांव में जो पलायन की स्थिति बनी थी उस पर पूर्ण विराम लगेगा। उन्होंने बताया कि अटेली हल्के के लिए इस वर्ष 29 बोरवेल मंजूर करवाए गए हैं। इससे क्षेत्र के गांवों में पानी की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि 276 करोड़ की भालखी परियोजना लागू होने से अटेली के 61 गांवों को पानी की सुविधा मिलेगी। जिसमें प्रति व्यक्ति 70 लीटर पानी मिलेगा। इस परियोजना में कांटी खेड़ी नावदी व रामपुरा गांव भी शामिल है।

खबरें और भी हैं...