4 माह से फरार युवती को इंदौर से किया दस्तयाब
थानाक्षेत्र से गुमशुदा एक युवती व नाबालिग को पुलिस ने बरामद करने में सफलता हासिल की है। युवती को इंदौर से बरामद किया है। सीआई रूपसिंह ने बताया कि केलवाड़ा निवासी रचना राठौर चार माह पूर्व कस्बे के गायत्री नगर में अपनी बड़ी बहिन के यहां रह रही थी। जिसकी एक वर्ष पूर्व शादी भी हो गई, लेकिन पति से अनबन होने के कारण वह पति से अलग रह रही थी। कुछ समय से अपनी बहिन के यहां रह रही थी, जो बिना बताए दिसंबर माह में कहीं चली गई। जिसका अटरू थाने में मुकदमा दर्ज है। एसपी के निर्देश पर उपनिरीक्षक परमानंद, कांस्टेबल भीमराज व मानव तस्करी यूनिट के हरीश भाटी की टीम गठित गठित कर इंदौर रवाना की गई। जहां पर बाणगंगा इंदौर में रहते हुए मौके से पकड़ लिया और दस्तयाब कर अटरू थाने लाए। जिस पर परिजनों को बुलाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं गायत्री नगर निवासी एक नाबालिग 17 वर्षीय युवती भी कुछ समय पूर्व घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने अटरू थाने में मामला दर्ज करवाया, तो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। विजयकुमार के नेतृत्व में गोकुल व फरमान की टीम गठित की गई, तो लड़की के मोबाइल कॉल डिटेल जावरा मंदसौर मध्यप्रदेश होने से टीम वहां के लिए रवाना हुई। इस पर लड़की द्वारा मोबाइल बंद करने से पुलिस को 24 घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद भी सफलता नहीं मिली। पुलिस दबाव के चलते नाबालिग मंगलवार को अटरू थाने पर पहुंची। इस पर पुलिस ने मेडिकल करवाकर बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया और अनुसंधान किया जा रहा है।