पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अटरू में साधारण सभा की बैठक में क्षेत्र के कई मुद्दों पर लिया प्रस्ताव

अटरू में साधारण सभा की बैठक में क्षेत्र के कई मुद्दों पर लिया प्रस्ताव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अटरू| पंचायत समिति के सभागार भवन में शुक्रवार को प्रधान अजय सिंह हाड़ा की अध्यक्षता में साधारण सभा की बैठक हुई। जिसमें एसडीएम जबर सिंह, बीडीओ शैलेष रंजन ने गत माह हुई साधारण सभा की बैठक में लिए गए प्रस्तावों पर चर्चा की।

इस पर पंचायत समिति डायरेक्टर अमृतलाल मीणा ने पेयजल के मुद्दे पर चर्चा करते हुए कहा कि कई बार बैठकों में कवाई पेयजल की टंकी के लिए सदन में प्रस्ताव लिया और जिस स्थान पर पेयजल के लिए टंकी बनानी है वहां पर नलकूप भी चालू है, लेकिन सरपंच मनमानी करते हुए पानी की टंकी नहीं बना रहा है।

इस मामले को लेकर पंचायत समिति डायरेक्टर अमृतलाल मीणा ने नाराज जताई। सदस्य वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कस्बे में जलदाय विभाग की ओर से सीसी रोड को खोदकर लाइन बिछाकर उसके रिपेयरिंग के लिए पीडब्ल्यूडी को 44 लाख रुपए देने के बाद भी पीडब्ल्यूडी की आेर से गुणवत्ता पूर्वक कार्य नहीं कराकर लीपापोती की गई। कई जगह तो रिपेयरिंग ऊंची नीची है। जिससे दुपहिया वाहन फिसल जाने से दुर्घटना हो सकती है। इसकी जांच कराई जाए। कुंजेड़ सरपंच प्रशांत पाटनी ने बताया कि यह एक जनहित का मुद्दा है पंचायत क्षेत्र के दो गांव में पेयजल की गंभीर समस्या होने से पेयजल के लिए निजी व्यवस्था कर रखी है। उदपुरिया व रामपुरिया इन दोनों गांव में तीन हैंडपंप लगाए जाएं, जिससे पेयजल की समस्या हल हो सके।

पंचायत समिति डायरेक्टर बलराम नागर ने कहा कि क्षेत्र में कई आंगनबाड़ी केंद्र भवन क्षतिग्रस्त हैं। जिनमें छह वर्ष तक के बच्चे अध्ययन करते हैं। ऐसी स्थिति में कभी भी अनहोनी हो सकती है। सदन में प्रस्ताव लेकर क्षतिग्रस्त भवनों की समय पर मरम्मत करवाई जाए। पटना सरपंच वंदना नागर ने बताया कि मुंडला गांव में बिजली के तार झूल रहे हैं। इस समस्या से बिजली निगम को कई बार अवगत कराने के बाद भी अभी तक शिफ्टिंग नहीं की गई है। कुंडी सरपंच नेमीचंद मीणा ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के रामपुरा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्र का प्रस्ताव लेकर केंद्र खुलवाया जाए।

इस दौरान सदन में पंचायत समिति प्रधान अजय सिंह हाड़ा ने बिजली निगम के सहायक अभियंता प्रवीण जांगिड़ को बताया कि कराडिया, धूमैन क्षेत्र के गांव में बिजली निगम की आेर से किसानों के वीसीआर 60 हजार रुपए के लगभग भरी गई थी। ऐसे कितने ही मामले हैं, इनका रिकॉर्ड देकर सदन को अवगत कराएं।

इस दौरान सरपंच संघ अध्यक्ष कृष्णमोहन मीणा, सरपंच देवकरण नागर, सरपंच भूपेंद्र, सरपंच मनोज सुमन, सरपंच मुकेश मेहर, सरपंच मनोज रेगर सहित कई जनप्रतिनिधि, ब्लॉक अधिकारी मौजूद थे।

अटरू. साधारण सभा की बैठक में मौजूद अधिकारी व जनप्रतिनिधि।

खबरें और भी हैं...