सिटी रिपोर्टर | औरंगाबाद सदर
शहर के सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के वाेकेशनल व पीजी रिजल्ट पर छात्र संघ ने सवाल खड़ा किया है। छात्र संघ ने पीजी के रिजल्ट पर असंतोष जाहिर किया है और छात्रों की कॉपियों की जांच में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। इस मामले को छात्र संघ की अध्यक्ष आशिका सिंह, सचिव अमित कुमार, उपाध्यक्ष मोनू कुमार व सह सचिव हर्ष राज समेत अन्य ने गुरूवार को एक ज्ञापन प्राचार्य के माध्यम से मगध विश्वविद्यालय के कुलपति को सौंपा है। हालांकि प्राचार्य ने आश्वास्त किया है कि कॉपियों की जांच में कोई भी त्रुटियां नहीं हुई है। छात्र संघ की अध्यक्ष ने कहा कि वोकेशनल व पीजी के सभी छात्र-छात्राओं का रिजल्ट खराब होना, इस बात को दर्शाता है कि कहीं न कहीं गड़बड़ियां जरूर है। छात्र-छात्राएं इस कॉलेज में पढ़ने आते हैं और उन्हें इसके लिए मोटी रकम भी खर्च करनी पड़ती है। लेकिन कॉलेज प्रशासन व विश्वविद्यालय की गलतियों का खामियाजा छात्रांे को भुगतना पड़ता है। क्यांेकि सभी छात्रों का रिजल्ट एक साथ कैसे खराब आ सकता है। उन्होंने कहा कि अभाविप के अथक प्रयास से सालों बाद इस कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू हुई थी।
सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते छात्र संघ की अध्यक्ष व सचिव।
पीजी की कॉपियों की पुन: जांच की मांग
प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए कॉलेज छात्र संघ की अध्यक्ष व सचिव ने वाेकेशनल व पीजी की कॉपियों की पुन: जांच करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि विश्वविद्यालय को तत्काल इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए, ताकि हजारों छात्रों का भविष्य अंधकारमय होने से बच जाए। यदि पुन: वोकेशनल व पीजी की कॉपियों की जांच होगी तो निश्चित तौर पर रिजल्ट में सुधार आएगा। प्राचार्य ने कहा कि छात्रों की मांगों को विश्वविद्यालय स्तर तक पहुंचा दिया जाएगा। फिर वहां से जैसा मार्गदर्शन प्राप्त होगा, उसका पालन किया जाएगा।