सिटी रिपोर्टर|औरंगाबाद ग्रामीण
शहर के रामलखन सिंह यादव कॉलेज में छात्र-छात्राओं द्वारा जमा किया जा रहे स्नातक पार्ट थ्री (कला/विज्ञान) परीक्षा के फार्म में मनमाने तरीके से विलंब शुल्क लिया जा रहा है। शुक्रवार को इस पर छात्र भड़क उठे और इसका विरोध किया। कॉलेज प्रशासन द्वारा मनमाने तरीके से विलंब शुल्क के रूप में प्रति छात्र 100 रुपये वसूले जा रहे हैं। जब छात्र-छात्राओं ने इसका विरोध किया तो कॉलेज प्रशासन ने विश्वविद्यालय के आदेश का हवाला दिया। हालांकि इस पर छात्र शांत नहीं हुए। छात्रों का कहना था कि मगध विश्वविद्यालय द्वारा एक पत्र (पत्रांक 888 दिनांक 9/5/2018) कॉलेज में भेजा गया था। जिसमें लिखा गया था कि 18 मई तक बिना विलंब शुल्क के छात्र-छात्राओं से स्नातक पार्ट थ्री का परीक्षा फार्म जमा होगा व उसके बाद 24 मई तक विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा होगा। लेकिन रामलखन सिंह यादव कॉलेज में मगध विश्वविद्यालय के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है और 17 मई से ही छात्रों से परीक्षा फार्म जमा करने पर विलंब शुल्क लिया जाने लगा है।
छात्रों का आरोप- विश्वविद्यालय के आदेशों का पालन नहीं हो रहा
यादव कॉलेज में काउंटर पर परीक्षा फार्म जमा करते छात्र।
सिन्हा कॉलेज में बिना विलंब शुल्क दिए जमा हुआ फार्म
यादव कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष कौशलेन्द्र कुमार उर्फ विकास ने कहा कि सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में मगध विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार परीक्षा फार्म लिया गया है। 18 मई तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फार्म जमा किया गया। लेकिन यादव कॉलेज में मनमाने तरीके से विश्वविद्यालय के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए विलंब शुल्क लिया जा रहा है। जिसे छात्र कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। काॅलेज के प्राचार्य डॉ देवेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मगध विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार 19 से 24 मई तक 100 रूपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा लिए जाएंगे।
निर्धारित किया गया है शुल्क
यादव काॅलेज में परीक्षा फार्म जमा करने के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। जिसमें जेनरल व बीसी-2 के छात्र-छात्राओं को परीक्षा फार्म भरकर जमा करने में 1570 रूपये और एससी/एसटी व बीसी-1 के छात्र-छात्राओं को परीक्षा फार्म भरकर जमा करने में 1340 रूपये देने होंगे। इसके साथ ही यादव कॉलेज के वैसे छात्र-छात्राएं जाे पिछले वर्ष स्नातक पार्ट थ्री की परीक्षा में फेल हो गए थे, उन्हें फिर से परीक्षा देने के लिए फार्म भरने में मात्र 920 रूपये ही देने होंगे। वहीं अगर छात्र-छात्राएं विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म जमा करते हैं तो उन्हें निर्धारित शुल्क से 100 रूपये अधिक देने होंगे।
मिलान करने के लिए लिए जा रहे पैसे
इन छात्र-छात्राओं से लिया गया ज्यादा पैसा
रामलखन सिंह यादव कॉलेज की छात्रा कविता कुमारी भूगोल, सुनील कुमार भौतिकी, मतेन्द्र कुमार गणित, प्रीति कुमारी व सोनी कुमारी रसायनशास्त्र, राजेश कुमार हिन्दी, आनंद कुमार रवि व अमरजीत कुमार राजनीति विज्ञान सहित लगभग सैकड़ों छात्र-छात्राओं से स्नातक पार्ट थ्री की परीक्षा फार्म जमा करने में निर्धारित शुल्क के अलावा 100 रूपये ज्यादा लिया गया है।
रामलखन सिंह यादव कॉलेज के बड़ा बाबू रामचन्द्र सिंह ने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा जमा किया फार्म का मिलान करने में ज्यादा समय लगता है। वहीं उसे मगध विश्वविद्यालय में जाकर जमा करना पड़ता है।