एक पिकअप में तहखाना बनाकर शराब छिपाया हुआ था और उसे तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। तभी रास्ते में धंधेबाजों को पुलिस पर नजर पड़ गयी। जिसके बाद वाहन छोड़ धंधेबाज फरार हो गए। उक्त वाहन से 27 कार्टून अंग्रेजी शराब पुलिस ने बरामद किया। यह कार्रवाई जम्होर थाना क्षेत्र के शंकरपुर रेलवे क्राॅसिंग के समीप से की गयी है। जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर जम्होर थाना के पुलिस गश्त पर थी। अचानक एक पिकअप वाहन औरंगाबाद की ओर से दाउदनगर की ओर जा रहा था। पिकअप चालक ने गाड़ी की रफ्तार काफी तेज कर दी। गाड़ी की रफ्तार तेज देख पुलिस को शक हुआ। गश्ती दल ने भी उसका पिछा किया। लेकिन शंकरपुर रेलवे क्राॅसिंग बंद रहने के कारण पिकअप चालक गाड़ी खड़ी कर वहां से फरार हो गया।
वाहन मालिक के ऊपर दर्ज की गई प्राथमिकी
पुलिस अधिकारी जब वहां पहुंचे तो देखा कि गाड़ी खाली पड़ा है और कोई नहीं है। इसी बीच एक जवान की नजर पिकअप में बने तहखाने पर पड़ी। इसके बाद जब तहखाने को खोला गया तो उसमें छिपाकर अंग्रेजी शराब रखा हुआ था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना ले आया। थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि उक्त पिकअप के तहखाना से अंग्रेजी शराब के 27 कार्टून शराब बरामद किए गए हैं। एक कार्टून में 180 एमएल के 48 बोतल शराब हैं। वाहन मालिक व अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।