अम्बा | शौचालय एक व्यवस्था ही नहीं, बल्कि इससे घर की महिलाओं का आत्मसम्मान भी बढ़ता है। इसलिए सभी को अपने-अपने घरों में शौचालय का निर्माण अवश्य कराना चाहिए। ये बाते सीडीपीओ सह ओडीएफ नोडल पदाधिकारी आशा कुमारी ने शनिवार को कुटुंबा प्रखंड के दधपा पंचायत को ओडीएफ घोषित करने के लिए परियोजना कार्यालय में आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा कि खुले में शौच करने से मनुष्य के स्वास्थ्य से लेकर वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बैठक में सीडीपीओ ने सभी वार्ड सदस्यों व कर्मियों को कहा कि 31 मई तक वार्ड व आगामी 30 जून के पहले उक्त पंचायत को हर हाल में ओडीएफ घोषित कर देना है। इसके लिए हम सभी को युद्धस्तर पर कार्य करने की जरूरत है। इसके लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें संबधित वार्ड सदस्य को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं इस कमेटी में सेविका, जीविका, आशा, विकास मित्र, टोला सेवक, वार्ड सचिव, सीएलटी, डीलर व पंच को भी शामिल किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गठित कमेटी के लोग सुबह-शाम क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को शौचालय निर्माण करने व उसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही दैनिक प्रगति का रिपोर्ट अद्योहस्ताक्षरी को समपिर्त करेंगे। बीपीएम योगेन्द्र कुमार अंबष्टा ने कहा कि दो सोखता टंकी वाला शौचालय स्वच्छता के लिहाज से अधिक कारगर है।
पंचायत में निपटाए गए पारिवारिक माामले
औरंगाबाद | जम्होर पंचायत की पहल पर शनिवार को एक परिवार टूटने से बच गया। सरपंच पप्पू ज्वाला सिंह व उप सरपंच कुमार वर्मा ने लड़का व लड़की पक्ष को समझा-बुझाकर पारिवारिक मामले को निपटा दिया। जिसके बाद दोनों आपसी सहमति से रहने को तैयार हो गए। युवक संतोष उर्फ पप्पू राम जम्होर का रहने वाला है। जबकि युवती काजल देवी गया के बैरागी गांव की रहने वाली है। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था। रिश्ता खत्म होने के कगार पर पहुंच गया था। लेकिन घरवाले मामलो को लेकर पंचायत की शरण में पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों की उपस्थिति में दोनों को समझाया बुझाया गया।
ओबरा में प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
ओबरा | ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित विद्या निकेतन स्कूल में शनिवार को क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के छात्र-छात्राओं को अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया था। प्रतियोगिता में बच्चों से सामान्य ज्ञान सहित सिलेबस से जुड़े सवाल पूछे गए। प्रतियोगिता में प्रिया गुप्ता, शशिरंजन कुमार, मधु कुमारी, अमन कुमार व राजीव कुमार की टीम विजयी रही। सभी सफल छात्र-छात्राओं को शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य कृष्णा प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। समय-समय पर किया जा रहा है।