सिटी रिपोर्टर| औरंगाबाद सदर
मामलों को लटकाने वाले अधिकारियों व विभागों की अब खैर नहीं। इस माह के अंत तक लंबित मामलों का निपटारा नहीं किया तो विभागीय कार्रवाई होगी। इसका निर्देश डीएम राहुल रंजन महिवाल ने सोमवार को विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में दिया। डीएम ने कहा कि खासकर लोक शिकायत के मामलों में कुछ विभाग के अधिकारी रूचि नहीं ले रहे। जो गंभीर मामला है। इस माह के अंत तक वैसे विभागों को लंबित मामलों को निपटाना होगा। अन्यथा कार्रवाई के लिए वे तैयार रहें। डीएम इस मामले में खासा नाराज दिखे। डीएम ने बैठक के दौरान बिजली विभाग के कार्य के प्रति असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि इस विभाग के अधिकारी मामलों को लटका रहे हैं। निपटारे के लिए लगातार निर्देश दिया जा रहा है। बावजूद वे उदासीन हैं। इससे जनता में विभाग की छवि धूमिल हो रही है। अब उनपर ठोस कार्रवाई होगी। बैठक में डीडीसी संजीव कुमार सिंह, एडीएम रामअनुग्रह सिंह, जिला लाेक शिकायत निवारण पदाधिकारी गजेन्द्र मिश्रा, डीआरडीए निदेशक शिव कुमार शैव, सीएस डॉ जर्नादन प्रसाद, डीइओ माे अलीम, डीपीआरओ धर्मवीर प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
आपदा से निपटने के लिए पूर्व में तैयारी करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने आने वाले मॉनसून को देखते हुए प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि इससे जुड़े अधिकारी विकट परिस्थिति के आपदा से निपटने के लिए हर तरह की तैयारी पूर्व से ही कर लें। ताकि समय आने पर तत्काल राहत पहुंचायी जा सके और कम से कम नुकसान हो। इसके साथ-साथ उद्योग विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत कई विभागों के कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया।