सिटी रिपोर्टर| औरंगाबाद सदर
मदनपुर के शिवगंज पशु मेला के फिर से शुरू होने की संभावना बढ़ गई है। सोमवार काे डीएम राहुल रंजन महिवाल व एसपी डॉ सत्य प्रकाश ने अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक करते हुए इसपर विचार किया। इस दौरान यह उभर कर सामने आया कि पशु मेले के लगने पर रोक लग जाने से गरीब किसानों को काफी परेशानी हो रही है। इसपर डीएम ने पहल करते हुए एक जांच कमेटी का गठन किया है। कमेटी में एसडीओ, जिला पशुपालन पदाधिकारी, एसडीपीओ, परिवहन पदाधिकारी व वेटनरी ऑफिसर समेत अन्य को शामिल किया गया है। अधिकारियों की टीम दो दिनों के अंदर अपनी जांच करेगी और इससे संबंधित रिपोर्ट सांैपेगी। डीएम ने कहा कि उक्त मेला वर्षो से लग रहा था। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलता था। रोक लग जाने से परेशानी बढ़ी है। इसे देखते हुए जांच के बाद पशु मेला को चालू किया जा सकता है। मगर मेला बिल्कुल वैधानिक तरीके से लगेगा। नियम के अनुसार मेला लगेगा और खासकर इसपर ध्यान रहेगा कि पशुओं के साथ अत्याचार न हो। बैठक में कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।