ओबरा-दाउदनगर के बॉर्डर इलाके के तेजपुरा लख गांव के समीप रविवार को एक सनकी फौजी ने पहले डीएम से उलझने की कोशिश की आैर फिर उनके बॉडीगार्डाें के साथ मारपीट कर दी। सनकी फौजी ने पास रहे डंडे से डीएम राहुल रंजन महिवाल के बॉडीगार्डों के साथ मारपीट की है, जिससे तीन बॉडीगार्ड जख्मी हुए हैं। इसमें सुरेश प्रसाद राठौर, दिलीप कुमार व रामअवध प्रसाद शामिल हैं। उनका इलाज दाउदनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। हालांकि मारपीट में जख्मी बॉडीगार्डों ने फिर हिम्मत दिखायी और डीएम से उलझने की कोशिश करने तथा उनके मारपीट करने वाले सनकी फौजी को पकड़ लिया। सूचना पाकर दाउदनगर एसडीपीओ संजय कुमार दल-बल के साथ वहां पहुंचे, जिन्हें सनकी फौजी को हवाले कर दिया गया। फौजी राजनारायण सिंह ओबरा थाना के मझियांवा गांव का रहने वाला है। जो वर्तमान में कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ है। फिलहाल दाउदनगर थाना में उसे रखा गया है। जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
ट्रैक्टर ड्राइवर के पास न चालान था न ड्राइविंग लाइसेंस
डीएम राहुल रंजन महिवाल रविवार को दाउदनगर के अकौनी गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की जांच करने पहुंचे थे। डीएम ने स्कूलों के आय-व्यय, समेत दस्तावेजों की जांच की। औरंगाबाद लौटने के दौरान ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा लख गांव के पास बालू लदे दो ट्रैक्टर जाते दिखे। डीएम एक ट्रैक्टर काे रूकवाया। उसके चालान आदि की जांच की। चालान सही निकला तो उसे जाने का इशारा किया। यह देख दूसरे ट्रैक्टर के ड्राइवर तेज रफ्तार में भागने लगा। अवैध बालू के शक पर डीएम ने दूसरे ट्रैक्टर को रूकवाया और ड्राइवर से लाइसेंस व चालान की मांग की। लेकिन ड्राइवर के पास कुछ भी नहीं था।
अभद्र भाषा बोलने पर गार्डों ने टोका तो लाठी-डंडे से कर दिया हमला
ट्रैक्टर रुकवाते ही कुछ ग्रामीण भी वहां इक्कठा हो गए थे। इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर उक्त फौजी वहां पहुंचा और इसका विरोध करने लगा। उसने पहले तो ट्रैक्टर को छुड़ाने का प्रयास किया और कहा कि डीएम कौन होता है। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसने डीएम से उलझने की कोशिश की। यह देख बॉडीगार्डों ने डीएम को बचाया और फौजी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन सनकी फौजी नहीं माना और बॉडीगार्डों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बॉडीगार्ड जब तक कुछ समझते फौजी ने अपने साथ लाए डंडे से पिटाई शुरू कर दी।
तेजपुरा लख के पास ट्रैक्टर चालक से डीएम ने मांगा चालान, इसी बात को लेकर वहां से गुजर रहा फौजी भड़का
सरकारी काम में बाधा और अवैध खनन का लगा आरोप
मारपीट करने वाले सनकी फौजी के खिलाफ ओबरा थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। फौजी पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मियों के साथ मारपीट करने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने, अवैध बालू खनन में संलिप्तता आदि का आरोप लगाया गया है। डीएम राहुल रंजन महिवाल के निर्देश पर ओबरा थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी दर्ज की है।
बालू घाटों का हर दिन निरीक्षण करेंगे अफसर
डीएम राहुल रंजन महिवाल ने कहा कि सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि वे हर दिन बालू घाटों का निरीक्षण करें। बालू का अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।