सिटी रिपोर्टर| औरंगाबाद सदर
पुलिस व उत्पाद विभाग द्वारा जब्त देसी-विदेशी शराब को नष्ट की जाएगी। साेमवार को डीएम राहुल रंजन महिवाल व एसपी डॉ सत्य प्रकाश की संयुक्त बैठक में इससे संबंधित निर्देश दिया गया। बैठक में उत्पाद अधीक्षक सुनील कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक के क्रम में बरामद शराब के विनिष्टिकरण, शराब मामलों में जब्त वाहनों की नीलामी व उत्पाद टीम द्वारा छापेमारी के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान डीएम ने 26 मई तक जब्त शराब को नष्ट करने का निर्देश दिया। पुलिस व उत्पाद विभाग की टीम द्वारा करीब 12560 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। जबकि देसी शराब का आकलन किया जा रहा है। इसी तरह शराब मामले में करीब 26 वाहन जब्त किए गए हैं। ये वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त किए गए हैं, जिसमें बाइक व रिक्शा से लेकर स्कॉर्पियो व लग्जरी कार तक शामिल है। फिलहाल इन वाहनों का मूल्यांकन के लिए मोटर यान निरीक्षक को पत्र भेजा गया है। जब्त वाहनों का मूल्यांकन होने के बाद इसके दाम निर्धारित किए जाएंगे और फिर इसकी नीलामी होगी। 16 वाहन पुलिस व 10 वाहन उत्पाद विभाग की टीम द्वारा जब्त किए गए हैं। उत्पाद विभाग की छापेमारी की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि इस माह करीब 13 मामला दर्ज किया गया है और इसमें 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो बाइक जब्त की गई है। डीएम ने उत्पाद अधीक्षक को छापेमारी पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी या कारोबार के खिलाफ कभी भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। छापेमारी में तेजी लाने का निर्देश दिया है।