महानरेगा संविदा कर्मियों ने पिछले 18 दिनों से नियमितिकरण की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन के तहत शुक्रवार से सभी कार्मिकों ने मनरेगा योजना संबंधी समस्त कार्यों का बहिष्कार करते हुए आंदोलन को तेज करने को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। एडीएम को सौंपे ज्ञापन में कार्मिकों ने बताया कि संविदा कार्मिक पिछले 10 वर्षों से नियमितिकरण की बाट जोह रहे है, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पिछले 18 दिनो से चल रहे आंदोलन के बाद भी सरकार ने कार्मिकों की मांग पर कोई सकारात्मक रूख नहीं दिखाया है। इसके चलते कार्रवाई नहीं होने तक कार्मिक चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इस कड़ी में शुक्रवार काे ज्ञापन व योजना संबंधी कार्योंं का बहिष्कार किया गया। सोमवार को जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी द्वारा कार्यालयों के समक्ष आमजन को राहत प्रदान करने के लिए ठंडा पानी व शरबत पिलाकर आमजन से आंदोलन को सफल होने के लिए प्रार्थना करने की अपील की जाएगी। 24 मई को मंत्रालयिक कर्मचारियों द्वारा पंचायत समिति, जिला परिषद व ग्राम पंचायत कार्यालयों में कार्यो का बहिष्कार कर कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर 11 जून को जयपुर कूच किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष दिलखुश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कार्मिक मौजूद थे।
अवलेश्वर. मांगों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे कर्मचारी।