वट वृक्ष में धागा लपेट पति के दीर्घायु होने का मांगा आशीर्वाद
भास्कर न्यूज| फलका/ कुरसेला/ आजमनगर/ कदवा
जिले के प्रखंड व इसके आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को सुहागन महिलाओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से वट-वृक्ष की पूजा-अर्चना करते हुए ईश्वर से अपने पति के दीर्घायु होने की कामना की। प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष के चतुर्दशी तिथि को किया जाने वाला ये अनुष्ठान शास्त्र सम्मत है। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने नए परिधान पहन व सज-धज कर हांथों में पूजा की डाली सजाकर वट-वृक्ष के नीचे पहुंचकर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने भगवान शंकर द्वारा उवाचित वट- सावित्री कथा का पाठ भी पूजा स्थल पर की। इसके साथ ही वट वृक्ष की परिक्रमा करते हुए कच्चे धागे को अर्पित किया।
इस अवसर पर वट सावित्री पूजा का खास गीत पति परमेश्वर के शिवा मुझको न परमेश्वर चाहिए। पति परमेश्वर के शिवा मुझको न परमेश्वर चाहिए..मैं सुहागन रहूं ओ... मैं सुहागन रहूं सात जन्मों तलक का गीत भी गाया। पूजा को लेकर बाजार में भी काफी चहल-पहल रही।
खरीददारी के लिए काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। पूजा को लेकर फलों के कीमतों में काफी तेजी रही। फलका बाजार, गोविंदपुर, झगरू चक, हथवाड़ा, फुलडोभी, भंगहा, बभनी, गोपालपट्टी, सोहथा, पोठिया, रहटा, मोरसंडा आदि जगहों पर भी महिलाओं ने वट-सावित्री पूजा की।