आजमनगर में आठ वर्ष से बेकार पड़ी है पानी की टंकी
आजमनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित करोड़ों की लागत से बनी पानी की टंकी आठ वर्ष से बेकार पड़ी है। आज तक किसी को भी जल हेतु कनेक्शन भी नहीं मिला और न ही विभाग ने किसी को कनेक्शन देने की जहमत उठाई। इसके कारण सरकार की कल्याणकारी योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। जो सरकार की व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है।
बताते चलें कि लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल नहीं पहुंच सका और जो भी नल लगे थे वह भी टूट-फटकर जर्जर स्थिति में पहुंच चुके हैं। पंप चलाने के लिए कर्मचारी भी नियुक्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों व उच्चाधिकारियों को भी इस समस्या के समाधान हेतु अवगत कराया गया था। लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। ग्रामीण श्याम केसरी, राहुल केसरी, राजकुमार केसरी, सुमित केसरी, दामू मंडल, मोहम्मद कुर्बान अली ने कहा पानी की टंकी से आम लोगों को सुविधा मिलनी चाहिए। शुद्ध पेयजल की आपूर्ति घर-घर होनी चाहिए।
इस संबंध में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुबोध शंकर का कहना है कि ग्रामीण जलापूर्ति योजना को दुरुस्त करने के लिए कार्य किया जा रहा है। जल्द ही जर्जर पाइपों को बदला जाएगा।