बिजली समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का 4 घंटे प्रदर्शन
क्षेत्र के गांव मैथना में 2 मई को आए अंधड़ से बिजली खंभे टूट जाने से पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति बंद होने पर आखिरकार ग्रामीणों के गुस्से का गुबार फूट पड़ा। और इसका परिणाम यह हुआ कि मैंथना के महिला व पुरुषों ने भी बुधवार सुबह 7 से 11 बजे तक राजस्थान राज विद्युत प्रसारण 132 केवी जीएसएस पर ताला लगाकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया व बिजली निगम के प्रति रोष जताते हुए नारेबाजी की। आस-पास के गांव में बिजली सप्लाई चालू कर दी गई लेकिन 15 दिन से मैंथना लाइन पर मरम्मत कार्य नहीं करने से गांव की बिजली आपूर्ति बंद पड़ी हुई थी। इसी बात से ग्रामीणों में रोष है। परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और बिजली निगम के प्रति रोष जताते हुए मैंथना जीएसएस पर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की और 132 केवी जीएसएस से बिजली देने की मांग को लेकर अड़े रहे। सूचना पर डिस्कॉम विभाग के कार्यवाहक सहायक अभियंता गणपत सिंह लोधा मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया। पर ग्रामीणों ने उनकी बात मानने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में फिर से वार्ता का दौर शुरू हुआ और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिलाया कि 24 घंटे में विद्युत सप्लाई चालू कर दी जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जीएसएस का ताला खोला।
बाबूला. जीएसएस पर प्रदर्शन करते ग्रामीण।