सामाजिक बंटवारे के खिलाफ थे डॉ. अंबेडकर: उसेंडी
डॉ. अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने समरसता सह भोज का आयोजन सरगीपाल पारा में किया, जिसमें नान अध्यक्ष लता उसेंडी समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने कहा कि संविधान निर्माण व शोषित वंचित वर्ग के उत्थान में अंबेडकर का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्म से ही हर तरह के सामाजिक बंटवारे के खिलाफ थे।
नान अध्यक्ष उसेंडी ने कहा कि अंबेडकर के जन्म दिवस से उनके महानिर्वाण दिवस 6 दिसंबर तक समरसता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र सुराना, मनोज कोर्राम, मंतोष पोयम, संजू कोर्राम, ललित, बिरजू कोर्राम, कल्लू, संदीप, नागेश देवांगन, विकास दुआ, दिलावर कपाडिया आदि मौजूद थे।
अष्ट धातु से निर्मित अंबेडकर की मूर्ति का हुआ अनावरण
बचेली | डॉ. भीमराव अंबेडकर की 127वी जयंती पर वार्ड क्रमांक 13 में स्थित अंबेडकर भवन में अष्ट धातु से निर्मित बाबा भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का अनावरण तेजस्वनी महिला समूह की अध्यक्ष डाॅ. अनिता शुक्ला ने किया। इस मौके पर एनएमडीसी के उपमहाप्रबंधक मोहन ने लोगों को बाबा साहेब के जीवन और उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया। एनएमडीसी के कई अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद थे।
आरक्षण के साथ मेहनत से आगे बढ़ें युवा: दीपक बैज
लोहांडीगुड़ा। डाॅ. भीमराव साहेब अंबेडकर की जयंती शनिवार को काली मंदिर प्रांगण में मनाई गई। कार्यक्रम में विधायक दीपक बैज ने कहा हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर डॉ. अंबेडकर ने संविधान का निर्माण किया। उनके कारण ही लोगों को इस समय आरक्षण का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को आरक्षण के साथ ही अपनी मेहनत से आगे बढ़ना होगा, तभी सही मायने में आरक्षण का नियम सफल माना जाएगा। इस दौरान इंदर सिंह मांझी, बालो बघेल समेत ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।