पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बार बार नक्सली हमले से रेल लाइन दोहरीकरण कार्य ठप, भयभीत स्टाफ अब काम करने को तैयार नहीं

बार-बार नक्सली हमले से रेल लाइन दोहरीकरण कार्य ठप, भयभीत स्टाफ अब काम करने को तैयार नहीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दक्षिण बस्तर में केके रेल मार्ग के दोहरीकरण का काम बार-बार नक्सली हमले के चलते ठप पड़ गया है। रविवार की रात कुपेर के नजदीक पेड़ गिराकर रेल्वे ट्रैक क्षतिग्रस्त करने और अगली सुबह कमालूर स्टेशन के नजदीक दोहरीकरण कार्य के लिए ओएचई पोल लेकर आए ट्रेलर में आगजनी की घटना से काम मंगलवार को ठप रहा।

दहशत के चलते निजी कंस्ट्रक्शन कंपनियों के लोग और मजदूर इस इलाके में काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। पखवाड़े भर पहले ही 30 अप्रैल को नक्सलियों ने कुपेर गांव में रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य में लगी मशीनों और वाहनों में आगजनी के अलावा कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुपरवाइजर और एक रेल्वे कर्मचारी की जमकर पिटाई की थी। 6 माह पहले कमालूर में खड़ी अाधा दर्जन गाड़ियों और मशीनों में आग लगाने की वारदात के बाद से कमालूर से भांसी स्टेशन के बीच काम अब तक शुरू नहीं हो सका था। दंतेवाड़ा से कमालूर स्टेशन के बीच नई लाइन के लिए पुल-पुलियों और नाली के निर्माण का छिटपुट काम चल रहा था। निर्माण कार्य के सुपरवाइजर एन रामलू का कहना है कि भय के चलते उनका स्टाफ काम करने को तैयार नहीं है। इसकी जानकारी रेल्वे के अफसरों को दे दी गई है।

तीन साल पहले शुरू हुआ था काम

दंतेवाड़ा जिले के हिस्से में गीदम-दंतेवाड़ा-कामालूर स्टेशन के बीच दोहरीकरण कार्य की शुरूआत तीन साल पहले हुई थी। पटरी बिछाने के लिए मिट्‌टी का फाउंडेशन तैयार करने के शुरूआती काम के दौरान 20 मई 2016 को दंतेवाड़ा से कुपेर के बीच तुड़पारास के नजदीक नक्सलियों ने 6 वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। इस घटना के बाद कुपेर तक किसी तरह मिट्‌टी का काम करा लिया गया, लेकिन कुपेर से कमालूर के बीच काम अागे नहीं बढ़ सका। हालांकि दंतेवाड़ा के दूसरे छोर पर स्थित गीदम स्टेशन तक 7 किमी लंबी लाइन का दोहरीकरण कार्य इस साल पूरा कर लिया गया है, और इसमें ट्रेनों की आवाजाही शुरू भी हो गई है, लेकिन दूसरी तरफ दंतेवाड़ा से किरंदुल के बीच 45 किमी लंबी लाइन के दोहरीकरण काम अनिश्चित हो गया है।

नक्सलियों ने अगवा ग्रामीण की हत्या कर शव घर के पास फेंका

सुकमा | नक्सलियों ने अगवा किए तेमेलवाड़ा गांव के वंजाम कोसा की सोमवार व मंगलवार की दरम्यानी रात धारदार हथियार से हत्या कर शव घर के बाहर फेंक दिया। वहीं अगवा दूसरे ग्रामीण गंगा को बेदम पिटाई के बाद पुलिस के लिए किसी भी तरह का काम नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया। नक्सलियों ने शनिवार को पुलिस के लिए मुखबिरी करने के संदेश में तेमेलवाड़ा गांव से इन दोनों ग्रामीणों को अगवा कर अपने साथ जंगल की ओर ले गए थे। तब से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला था। परिजन व गांव वाले अपने स्तर पर नक्सलियों से अगवा ग्रामीणों की रिहाई के लिए प्रयास कर रहे थे। मंगलवार की सुबह कोसा का शव परिजनों ने घर के पास बरामद किया।

मिले नक्सली बैनर, कार्लमार्क्स को बताया शिक्षक

दंतेवाड़ा. एनएमडीसी के आकाश नगर डिपॉजिट-5 के पास मंगलवार की सुबह नक्सली बैनर-पोस्टर देखे गए।

दंतेवाड़ा | बचेली थाना क्षेत्र में एनएमडीसी के आकाश नगर डिपॉजिट-5 के पास मंगलवार की सुबह नक्सली बैनर-पोस्टर देखे गए। दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के हवाले से जारी इन बैनर-पोस्टरों में नक्सलियों ने कार्लमार्क्स को महान शिक्षक बताते 200वां जन्मदिवस 5 से 11 मई तक गांव-गांव में मनाने की बात कही है। साथ ही साम्राज्यवादी कार्पोरेट कंपनियों और सामंतवादियों से जनता को विमुक्त करने दीर्घकालीन जनयुद्ध चलाने की जरूरत बताई है। इसकी सूचना मिलने पर सीआईएसएफ जवानों ने मौके पर पहुंचकर बैनर-पोस्टर जब्त किया।

खबरें और भी हैं...