एनएमडीसी ने नहीं की बात, आज से आदिवासी समाज करेगा चक्काजाम
नकुलनार/किरंदुल | एनएमडीसी किरंदुल व बचेली में 200 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय बेरोजगारों को मौका नहीं देने का आरोप लगाते हुए तीन दिन से आदिवासी महासभा धरना दे रही है। इस मामले में बुधवार को एनएमडीसी प्रबंधन से कोई बात नहीं होने से अब आदिवासी समाज ने गुरुवार को एनएमडीसी का काम रोकने व किरंदुल में चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। आंदोलन की शुरुआत सुबह 4 बजे होगी। एनएमडीसी की पहली शिफ्ट सुबह 4 बजे शुरू होती है। समाज द्वारा तीनों शिफ्ट में काम रोके जाने की बात कही जा रही है। किरंदुल, बचेली दोनों परियोजना के ईडी बाहर प्रवास पर हैं।
दंतेवाड़ा एसडीएम सुभाष राज ने समाज के लोगों से बुधवार को मुलाकात की, लेकिन आदिवासी नेता कामो कुंजाम ने कहा बिना एनएमडीसी अधिकारियों के कोई चर्चा नहीं होगी। एसडीएम ने बताया एनएमडीसी के दोनों ईडी अभी मुख्यालय में नहीं हैं। हम बात करने किरंदुल पहुंचे हैं, मगर समाज के लोग चर्चा करने को तैयार नहीं हुए।
एनएमडीसी में स्थानीय लोगों को मौका नहीं देने का आरोप