मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 22 मई को बचेली पहुंचकर विकास यात्रा की जनसभा लेंगे और आकाशनगर के काठमांडू वासियों के लिए नई आवासीय कॉलोनी का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री का दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रस्तावित प्रवास के ठीक दो दिन पहले नक्सलियों ने किरंदुल-चोलनार मार्ग पर जवानों से भरे वाहन को ब्लास्ट से उड़ा दिया, जिसमें 7 जवान शहीद हो गए। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री 4 लेयर की सुरक्षा में रहेंगे, जिसमें एनएसजी कमांडो, सीएम सिक्योरिटी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एसटीएफ, डीआरजी के जवान शामिल हैं। मुख्यमंत्री प्रवास से ठीक पहले जवानों को कार्यक्रम स्थल के 15-20 किमी के दायरे की घेराबंदी के लिए जवानों को रवाना किया गया।
काठमांडू बस्ती के 48 परिवारों को पहाड़ के नीचे बचेली में पक्का मकान बनाकर दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री बचेली वासियों को 300 ट्रकों को रखने पार्किंग स्थल, गौरवपथ निर्माण में विस्थापित होने वाले 84 दुकानों को मेन रोड पर ही 4 एकड़ जमीन में पक्की दुकानें बनाकर देने जैसी सुविधाओं का भूमिपूजन व शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री जिले के लिए कुल 108 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास व भूमिपूजन करेंगे। कलेक्टर सौरभ कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सीएम प्रवास को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई है।
108 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे
3.90 लाख की लागत से बनेगा एक मकान
नए आवासीय कालोनी में हरेक आवास 3.90 लाख रुपए की लागत से बनेगा, जिसके निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को दी गई है। फिलहाल माइंस एरिया में होने के चलते काठमांडू वासियों को कटिया या हुकिंग के जरिए मुश्किल से बिजली मिलती है। यहां पेयजल सप्लाई का इंतजाम नहीं है। प्रशासन की तरफ से करवाए गए 2 बोर से पानी दिया जा रहा है। माइंस के विस्तार के लिए आकाशनगर की आबादी को नीचे बचेली में शिफ्ट किया गया, लेकिन काठमांडू वासी अब भी अपनी जगह पर हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह बचेली प्रवास पर 108.49 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण के साथ ही 251 हितग्राहियों को शहरी व ग्रामीण आबादी पट्टा देंगे।