भास्कर न्यूज|नकुलनार/बचेली/ दंतेवाड़ा
शुक्रवार को नक्सलियों ने भांसी में 2 अलग-अलग स्थानों में घंटे भर के अंदर जमकर उत्पात मचाया। यहां न केवल निर्माण कार्यों में लगे 7 वाहनों को आग के हवाले किया, बल्कि वार्ड पंच जयदेव नाग की भी पत्थर से कुचलकर व पीट पीटकर हत्या कर दी।
यहां काम में लगे मिस्त्री व मजदूरों को भी नक्सलियों ने पीटा व मोबाइल छीन लिया। पूरी घटना सुबह 8 से 9 बजे के बीच की है। घटनास्थल पर मौजूद पीड़ित मजदूरों की मानें तो करीब 15 की संख्या में वर्दीधारी हथियारबंद नक्सली पहुंचे थे। पूरी घटना भांसी थाना क्षेत्र से महज़ 3 किलोमीटर की दूरी पर हुई। घटना के 3 घंटे तक भांसी थाना से पुलिस की टीम नहीं पहुंची थी। 12 बजे एसपी कमलोचन कश्यप घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
50 मजदूर लगे थे काम पर, उन्हें पीटा भी, नक्सलियों में एक महिला भी शामिल थी: नक्सलियों ने ग्राम पंचायत भांसी मासा पारा में बन रही 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण में लगी दो टिप्पर, दो ट्रैक्टर सहित दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया । टिप्पर वाहन बचेली के नरेंद्र सोनी की है, जबकि ट्रैक्टर ग्राम पंचायत का है जो जिला प्रशासन द्वारा पंचायत को दिया गया था , एक बाइक पंचायत सचिव की है दूसरी बाइक अशीम खान की बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत में बन रही सीसी सड़क के निर्माण में लगे वाहनों में जिस समय अागजनी की गई थी, उस समय यहां पर 50 मजदूर काम में लगे हुए थे। मजदूरों ने बताया कि नक्सली वर्दी में पहुचे थे, जिनमें महिला नक्सली भी शामिल थी। काम में लगे 4 मजदूरों के साथ नक्सलियों ने मारपीट की । वहीं भांसी के ही ठोठापारा में भी नक्सलियों ने प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में लगी मिक्चर मशीनों को आग लगा दी।
नकुलनार। निर्माण कार्य पर लगे वाहनों में नक्सलियों ने आग लगा दी। इससे पहले काम में लगे मजदूरों की पिटाई कर उनके मोबाइल भी छीन लिए।
गढ़चिरौली मुठभेड़ का विरोध करते फेंके पर्चे, कहा-ठेकेदार-सरपंच पैसे खाते हैं
आगजनी की घटना के बाद नक्सलियों ने पर्चे फेंके। इनमें गढ़चिरौली मुठभेड़ का विरोध करते हुए लिखा है कि गांव- गांव में सड़क पुलिया बनाने वाले ठेकेदार व सरपंच पैसा खाते हैं। पर्चो में संचार ,सड़क की विस्तार नीति के विरोध में संघर्ष करने की बात कही है। इसके अलावा नक्सलियों ने कहा कि सड़क निर्माण से आदिवासियों का विकास नहीं होगा। भांसी थाना क्षेत्र में की गई घटना में मिले पर्चो म के आधार पर यह आशंका जताई जा ही कि इस घटना को अंजाम भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सदस्यों ने किया है।
थाने से सिर्फ तीन किमी दूर भाजपा नेता की पत्थर से कुचलकर हत्या, 7 गाड़ियां जलाईं
भाजपा नेता ने पहले अपने को पत्रकार बताया फिर मुंशी, कर दी हत्या
वार्ड पंच जयदेव नाग की नक्सलियों ने हत्या पत्थरों से मार कर दी। इसी सड़क में एक बाइक में तोड़फोड़ की गई। ग्राम पंचायत के ही पानी टैंकर में आगजनी की कोशिश की गई। नक्सलियों ने पहले जयदेव को मारने की कोशिश की। वह जान बचाकर भागा और करीब 2 किलोमीटर दूर जाकर पेड़ के पीछे छिप गया था। नक्सलियों ने उसे खोज निकाला तब जयदेव ने स्वयं को पहले पत्रकार बताया तो नक्सलियों ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद नक्सलियों ने काम करा रहे मुंशी के बारे में जानकारी मांगी तो उसने स्वयं को मुंशी बता दिया। सड़क निर्माण होता देख बौखलाए नक्सलियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद जयदेव के भांजे रवि ने कहा कि भांसी थाना से घटनास्थल पर काफी नज़दीक होने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। अगर समय पर जयदेव को अस्पताल पहुंचाया जाता तो बच सकता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि थाना पहुंचकर उसने पुलिस से मिन्नतें भी की लेकिन थाने से कोई नहीं पहुंचा।
बेटों पर मुखबिरी का आरोप, पिता की हत्या
नकुलनार| कुआकोंडा थाना क्षेत्र के फूलपाड़ ग्राम पंचायत के डोमारपारा में गुरुवार की रात नक्सलियों ने लिंगा नामक ग्रामीण की उसके घर से कुछ दूरी पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। लिंगा के बेटे मुकेश व सोना से नक्सलियों ने दो साल पहले जन अदालत लगाकर मारपीट करते हुए साथ ही इनसे डेढ़ लाख की वसूली भी की थी। इससे पहले नक्सली इसी डोमारपारा में दो महीने पहले गांव के लिंगो की हत्या गोली मार कर कर दी थी । लिंगो डोमारपारा का रहने वाला था और एसटीएएफ में पदस्थ था। फुलपाड़ में नक्सलियों की आमद अक्सर रहती है 2015 में गांव के पोस्टमास्टर सुजीत की भी नक्सली हत्या कर चुके हैं। कुछ लोगों ने बातया दो दिन पहले भी नक्सली गांव में आये थे। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने हत्या के बाद एक आदमी को भागते हुए देखा है इसलिए यह कहना मुश्किल है कि हत्यारा कौन था और इस घटना को कितने लोगों ने अंजाम दिया है। कुआकोंडा थाना प्रभारी डीके बरवा के मुताबिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल शव को परीक्षण के लिए कुआकोंडा लाया गया है ।