संदिग्ध परिस्थिति में पूर्व सरपंच के बेटे की मौत
परिजनों ने लगाए पंचायत सचिव सहित एक अन्य युवक पर हत्या के आरोप
भास्कर संवाददाता|बदरवास
बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम बामौर में पूर्व सरपंच के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश पड़ी मिली है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर लिया है। जानकारी के अनुसार लल्लू सिंह 23 वर्ष निवासी बामौर अपने दादा कमरजी के लिए प्रतिदिन की तरह अपनी बाइक से खाना देने के लिए गया था। तभी वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे खेत पर जाकर देखा। वहां पर लल्लू सिंह का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ था और उसकी बाइक पास में पड़ी हुई थी। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है।
मृतक के पिता इंद्रसिंह का आरोप है कि मेरे बेटे को जब मैं देखने गया तो उसकी लाश व बाइक सड़क किनारे पड़ी हुई थी,जैसे ही में लाश के पास पहुंचा तो वहां से गोविंद सिंह ग्राम पंचायत सचिव बामौर व चंद्रभान सिंह यादव निवासी बामौर भागते हुए दिखाई दिए। मेरे बेटे की मौत में इन्हीं लोगों का हाथ है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है। जांच के बाद ही खुलासा किया जाएगा कि मृतक की हत्या की गई है या उसने आत्महत्या की है। उसके बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा।
उधर एक अन्य घटना में सीहोर थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी में लाल रंग के ट्रैक्टर चालक ने अपने वाहन को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए 47 वर्षीय विशाल सोलंकी की जान ले ली। घायल अवस्था में विशाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।