यात्री टिकट नहीं लेना चाहता था, पुलिस ने रोक दी रोडवेज बस
बाडी़| जयपुर से बाड़ी होते हुए धौलपुर जा रही रोडवेज बस को बाड़ी थाने पर जबरदस्ती करीब आधे घंटे रोके रखा गया। जब बस को रोके जाने की जानकारी चाही गई तो पता चला कि बाड़ी थाने में तैनात पुलिस कर्मी का कोई जानकार बस में सवार था जो अपनी टिकट लेने को तैयार नहीं हो रहा था जबकि रोडवेज कंडेक्टर उससे टिकट लेने की कह रहा था।
जानकारी के मुताबिक इस बस में सरमथुरा से एक यात्री सवार हुआ जिससे जब कंडेक्टर ने टिकट लेने को कहा तो उसने यह कह कर मना कर दिया कि वह बाड़ी के पुलिसकर्मियों का जानकार है लेकिन कंडेक्टर ने उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने बाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों को फोन लगाया जिनके द्वारा जैसे ही बस बाड़ी पहुंची बस को जबरदस्ती रोक लिया गया और बस ड्राइवर व कंडेक्टर से बहस होने लगी। इसी बात को लेकर बाड़ी थाने में तैनात पुलिसकर्मी बस को महाराज बाग पुलिस चौकी पर करीब आधे घंटे रोके रखा और अपनी दबंगई दिखाने लगे। इस सब का खमियाजा उन आम सवारियों को भी उठाना पड़ा, जिन्हें वक्त से अपने गंतव्य पर पहुंचना था। पीड़ित कंडेक्टर राकेश मीना ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बस में सवार व्यक्ति गैरकानूनी तरह से यात्रा करना चाहता था जब मैंने एेसा करने से मना किया तो उसने बाड़ी पुलिस थाने में तैनात पुलिस कर्मियों को बुला लिया। जबकि एेसा करने पर कानूनन 1100 रुपए जुर्माना बनता है।