यात्री बसों का किराया 40 फीसदी बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को नगर के बस स्टैंड पर बसों के चक्के नहीं चले। यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ी। आवश्यक कार्य से जिन यात्रियों को यात्रा करना थी उन्होंने ट्रेन अथवा निजी वाहनों और टेक्सी का सहारा लिया।
40 फीसदी किराया बढ़ाने की मांग को लेकर मप्र बस आर्नर एसोसिएशन द्वारा प्रदेश व्यापी एक दिवसीय हड़ताल सोमवार को की गई। सुबह से ही उज्जैन, खाचरौद, बदनावर, लोहाना, देपालपुर, खरसौदकला, उन्हेल आदि स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को बसे नहीं मिलने से काफी दिक्कतें हुई। बसे बंद होने से अप डाउन करने वाले कर्मचारी अपने कर्तव्य स्थल पर नहीं पहुंच पाए। अमला, सुंदराबाद, बालोदा लक्खा, खरसौदकला आदि गांवों से रतलाम और उज्जैन की ओर जाने वाला मावा भी बस स्टैंड पर पड़ा रहा।
शकील बस के संचालक जाकिर भाई ने बताया नगर से करीब 120 बसें रोजाना संचालित होती हैं। हड़ताल के कारण इक्की-दुक्की बस को छोड़कर किसी भी मार्ग पर कोई बस नहीं चली। टायर, आइल, टैक्स एवं कर्मचारियों के मेंटेनेंस का खर्च निरंतर बढ़ता जा रहा हैं। ऐसी स्थिति किराया वृद्धि की जाना आवश्यक हैं।