बॉयलर गिरने से दो की मौत के मामले में कंपनी के दो इंजीनियरों पर केस
मृत मजदूरों के परिजन को फैक्टरी प्रबंधन देगा 10-10 लाख रुपए
भास्कर संवाददाता | बदनावर
बोराली स्थित ओएसिस डिस्टलरी में शुक्रवार शाम हुए हादसे में दो मेंटेनेंस इंजीनियरों पर शनिवार को केस दर्ज कर लिया गया। टीआई सुनील गुप्ता ने बताया ललित कुमार पिता विद्याधर पांडे व राजीव पिता ज्ञानचंद कुशवाह के खिलाफ धारा 304 ए व 337 मे केस दर्ज किया गया। जांच के बाद यदि अन्य किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
मृत दोनों श्रमिकों के परिजनों को फैक्टरी प्रबंधन द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में 10 दस लाख रु. दिए जाने की घोषणा की गई। फैक्टरी मैनेजर अशोक बजाज ने बताया दोनों मृतक प्रभु व भारत के परिवार के सदस्य को मंगलवार को उक्त राशि के चेक प्रदान किए जाएंगे। उनके परिजनों को शनिवार को अंतिम संस्कार के लिए 50-50 हजार रुपए नकद दिए गए।
उधर, दोनों घायल युवक कमल मालवीय व अशोक प्रजापत का उपचार इंदौर में निजी अस्पताल में फैक्टरी प्रबंधन द्वारा कराया जा रहा है। घायलों में अशोक को गंभीर चोट आई है।