धार में 72 और बदनावर के खेड़ा में 10 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
धार. पाटीदार समाज के समारोह में मंडप में जोड़ों से संस्कार कराते पंडितजी।
एटीएम में कैश नहीं होने से आई परेशानी
भास्कर संवाददाता | धार
अक्षय तृतीया। शादियाें के लिए साल का सबसे बड़ा मुहूर्त। बुधवार को इस मुहूर्त के मौके पर हर कोई शादियों के कार्यक्रमों में ही व्यस्त नजर आया। कई समाजों के सामूहिक विवाह समारोह भी इस मौके पर हुए। सामूहिक विवाह समारोहों में शादियां हुईं। एटीएम में कैश की कमी के चलते शादियों के सीजन में लोग परेशान नजर आए। अधिकतर एटीएम में कैश खत्म था। कुछ ही एटीएम से ही नोट निकल रहे थे। वे भी 200-200 के। 500 और 2000 के नोट एटीएम से कम ही निकले।
धार में देवीजी मंदिर के समीप अंबिका धाम में पाटीदार समाज का सामूहिक विवाह समारोह हुआ। इसमें 72 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। ये जोड़े आसपास के 52 गांवों से आए थे। पं. प्रवीण शर्मा के आचार्यत्व मंत विवाह की रस्में की गईं। समाज अध्यक्ष उदयराम पाटीदार समेत अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। पाटीदार समाज 33 साल से यह आयोजन करवा रहा है। यह 49वां सामूहिक विवाह समारोह है। 52 गांव के समाज के परिवार अपने बच्चों की शादी इसी समारोह में करते हैं। चाहे अमीर हो या गरीब। सबसे ज्यादा 26 जोड़े तिरला के शामिल हुए। तिरला में मंगलवार को एक सामूहिक सहभोज व बाने का कार्यक्रम भी रखा गया था।

मंगलाष्टक के साथ हुई वरमाला, हर जोड़े को 21 बर्तन दिए
बदनावर. सामूहिक विवाह में वरमाला की रस्म अदायगी करते हुए वर-वधू।
बदनावर | ग्राम खेड़ा में पाटीदार समाज सामूहिक विवाह समिति धार झाबुआ क्षेत्र के 10 जोड़े दांपत्य बंधन में बंधे। पं. संतोष गौर द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्म अदायगी की गई। वर-वधुओं के मंडप में प्रवेश के दौरान पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। दोपहर में मंगलाष्टक के साथ वरमाला हुई। समिति अध्यक्ष हीरालाल पाटीदार एवं सचिव सत्यनारायण राणा ने बताया कि समिति का यह 36वां आयोजन है। प्रत्येक जोड़े को 21 बर्तन भेंट किए गए। मंगलसूत्र व अंगूठी भी प्रदान की गई। सात फेरे की रस्म के पश्चात प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समारोह में धार-झाबुआ जिले के समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। संचालन शांताराम पटेल ने किया। आभार लक्ष्मण पाटीदार ने माना।