चना व मसूर की भरपूर आवक, कानवन में भी खरीदी केंद्र शुरू करने की घोषणा
स्थानीय मार्केटिंग सोसायटी में चना उपार्जन केंद्र पर बुधवार को चने व मसूर की भरपूर आवक रही। किसान दो दिन से तुलाई के लिए इंतजार कर रहे थे। पूरे तहसील क्षेत्र से दोनों जिंस की आवक हो रही है। यहां एक ही सेंटर होने से माल की तुलाई में काफी परेशानी होती है। किसानों को एसएमएस किए जाने के बाद वे तत्काल अपना माल लेकर आ गए। इससे खरीदी केंद्र पर वाहनों की रेलमपेल मच गई। चना खरीदी के लिए 3779 किसानों का पंजीयन किया गया है। जबकि 824 किसानों ने मसूर का पंजीयन कराया है। समिति द्वारा अभी तक 21937 क्विंटल चना व 3651 क्विंटल मसूर की खरीदी की गई। एक दिन में 5 कांटों पर 100 ट्रेक्टर ट्राॅलियों की तुलाई हो रही है। चने की कुल राशि 9 करोड़ 76 लाख रुपए व मसूर की 1 करोड़ 55 लाख रुपए हुई है।
अभी तक 5 मई से पूर्व खरीदे गए चने का 3 करोड़ 35 लाख रुपए का भूगतान हो चुका है। इसी तरह 71 लाख रुपए का मसूर का भुगतान भी किया गया है। बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने किसानों की परेशानी को देखते हुए कानवन में एक और चना खरीदी केंद्र शीघ्र खोलने की घोषणा की। इस बारे में जनप्रतिनिधियों ने बैठक में कलेक्टर को अवगत कराया था।