सब्जी मंडी में 60 पैसे प्रति किलो बिका प्याज
बदनावर | शासन द्वारा भावांतर योजना में प्याज खरीदी 50 पैसे से लेकर 4 रु. प्रति किलो तक की जा रही है। खरीदी कार्य 15 मई से शुरु हुआ है। बदनावर में पिछले चार दिनों में 174 किसानों से 8 हजार 620 क्विंटल प्याज खरीदा जा चुका है। भावांतर योजना में शासन ने 8 रु. किलो का भाव निर्धारित किया है। किंतु खरीदी का समय पुरा होने के बाद माॅडल भाव के आधार पर कीमत का निर्धारण किया जाएगा। अभी यह निश्चित नहीं हुआ है कि किसानों को प्याज का भाव कितना मिलेगा। योजना में बेचने के लिए किसान बड़ी संख्या में प्याज मंडी में ला रहे है। रविवार को भी भीषण गर्मी में किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियाें में भरकर प्याज मंडी में लाए। जहां छाया की व्यवस्था नहीं होने से तेज गर्मी में ही खुले में प्याज रखा गया। इससे प्याज खराब होने व सूखने की भी आशंका है। प्याज बेचने आए बदनावर के किसान महेश जाट का प्याज 60 पैसे किलो व्यापारियों ने खरीदा। 490 किलो प्याज की कीमत 294 रु. मिली।