भीषण गर्मी में भी नियमित आधा घंटे पेयजल सप्लाई कर रही नगर पंचायत
जल संसाधन विभाग के बटवाडिया डेम से नगर पंचायत द्वारा 25 हजार की आबादी को नियमित आधा घंटा पेयजल सप्लाई किया जा रहा है। वह भी ऐसे दौर में जब धार जिले के अन्य कस्बे जलसंकट से जूझ रहे हैं।
सीएमओ राजकुमार ठाकुर व जल यंत्रालय प्रभारी कमलेश पाटीदार ने बताया गर्मी के दिनों में भी प्रतिदिन आधा घंटा जल प्रदाय किया जा रहा है। पिछले साल भी जब अन्य नगरों में जल संकट गहरा गया था, तब भी यहां लोगों को उसका एहसास तक नहीं हुआ। नगरीय क्षेत्र में 3200 से अधिक नल कनेक्शन हैं जो 3 किमी क्षेत्र को कवर करते हैं। सीएमओ ठाकुर ने बताया नगर में प्रतिदिन 18 लाख लीटर पानी की आवश्यकता है। अलग-अलग भागों में स्थित 5 टंकियों तक बागेड़ी फिल्टर प्लांट से जल प्रदाय किया जाता है। अभी डेम में 14 मीटर तक पानी भरा हुआ है, जिससे 30 जून तक आसानी से जलापूर्ति हो सकेगी।
नहरें बंद करने के बाद नगर के लिए अारक्षित रखा पानी
जल संसाधन विभाग ने 15 फरवरी से नहरों में सिंचाई के लिए पानी की सप्लाई बंदकर इसे गर्मी में नगर की पेयजल आपूर्ति के लिए आरक्षित कर दिया था। अवैध रूप से मोटर लगाकर पानी चोरी करने की बात सामने आने के बाद 25 मोटर भी जब्त की गई। डेम से बखतगढ़, साकतली होकर बोराली तक पानी ले जाया जाता है।
बदनावर वासियों के लिए बटवाड़िया डेम वरदान साबित हो रहा।