कलेक्टर ने बताया जिले की मंडियों में इस दौरान अन्य जिंस की खरीदी-बिक्री नहीं होगी
धार | शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य में चना खरीदी का कार्य जिले की धार, बदनावर, राजगढ़, धामनोद, कुक्षी एवं मनावर मंडी में चल रही है। चना खरीदी की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। इस प्रकार समर्थन मूल्य में चना खरीदी मात्र 5 दिन ही होगी। वर्तमान में किसानों को चने की उपज, समर्थन मूल्य में बेचने के लिए 13 हजार 937 किसानों को एसएमएस भेजे जा चुके है। कृषि उपज मंडी धार से 5135, बदनावर से 4258, राजगढ़ से 3145, धामनोद से 198, कुक्षी से 508 तथा मनावर से 693 किसानों को एसएमएस भेजे हंै।
कलेक्टर दीपक सिंह ने बताया 21 से 25 मई तक जिले की इन मंडियों में सिर्फ चना ही खरीदा जाएगा। चना खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने एवं चना खरीदी केंद्रों तथा मंडी प्रागंण में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत चने के अतिरिक्त मसूर एवं कृषि समृद्धि योजना अंतर्गत गेहूं की खरीदी भी संबंधित खरीदी केंद्रों एवं मंडियों में 21 से 25 मई तक की जाएगी। अन्य जिंस की खरीदी बिक्री नहीं होगी। राजस्व एवं मंडी सचिव को आदेश की सूचना संबंधित व्यापारियों एवं किसानों को देने के निर्देश दिए हंै। 28 मई से पुनः समस्त जिंसों की खरीदी बिक्री का काम शुरू होगा।