अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे घायल
बदनावर | लेबड़-जावरा फोरलेन पर ग्राम बोराली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मां बेटे घायल हो गए। दोनों ग्राम बालोदा से जा रहे थे, तभी एक वाहन की चपेट में आ गए। घायलों के नाम समंदर पिता कनीराम व फूलीबाई पति कनीराम बताए गए हैं। टोल प्लाजा की एंबुलेंस से दोनों को इलाज के लिए बदनावर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।
2 साल से फरार स्थाई वारंटी धराया
बदनावर | मारपीट के मामले में दो साल से फरार स्थाई वारंटी ओमप्रकाश पिता रूगनाथ (50) निवासी खेरवास को शनिवार को घेराबंदी कर गांव से ही पकड़ लिया गया। एएसआई आरआर कनोजिया को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव में ही दबे छुपे फिर रहा है। सूचना पर विश्वास कर वे अपने साथ सिपाही रमेश व संतोष को लेकर गांव गए। जहां आरोपी हत्थे चढ़ गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। बाद में जेल वारंट बनाकर जेल भेज दिया गया।
पंचायत सचिवों की बैठक में दी योजनाओं की जानकारी
सरदारपुर | एसडीएम एसएन दर्रो ने रविवार को पंचायत सचिवों की बैठक ली। इसमें उन्होंने हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बताया कि 21 मई से प्रशासन आपके द्वार अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी सचिव अपनी पंचायत में जाकर हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजना से वंचित लोगों का सर्वे करें। यह अभियान जनपद के हर क्लस्टर क्षेत्र में चलेगा। बैठक में तहसीलदार नागेश्वर पनिका भी उपस्थित थे।