राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने जातिगत आरक्षण के विरोध व आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर रविवार को रैली निकालकर जनसभा का आयोजन किया। तेज धूप में नंदराम चौपड़ा स्कूल से रैली शुरू हुई। रैली के आगे करणी सेना के युवा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पैदल चल रहे थे। उनके पीछे बाइक पर केसरिया पताका लिए बड़ी संख्या में युवक शामिल हुए। रैली का मार्ग में कई जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रैली में क्षत्रिय महासभा, परशुराम सेना, सामान्य पिछड़ा अल्पसंख्यक वर्ग, कर्मचारी संगठन, ब्राह्मण महासभा, विश्वकर्मा पांचाल सामाजिक संगठन आदि के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
मंडी प्रांगण में पहुंचकर जनसभा हुई। जिसमें अतिथि प्रदेश अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर, महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष मंजीतसिंह तोमर, प्रदेश संयोजक यादवेंद्रसिंह तोमर, प्रदेश संगठन मंत्री शैलेंद्रसिंह झाला, उज्जैन संभाग प्रभारी नेपालसिंह चल्दु, प्रदेश महासचिव लोकेंद्रसिंह मुंदड़ी, इंदौर संभाग प्रभारी हेमेंद्रसिंह राठौर, मंदसौर जिला अध्यक्ष रवींद्रसिंह राणा, खंडवा जिलाध्यक्ष पंकजराजसिंह पुरनी, झाबुआ जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह झकनावदा समेत खरगोन, भोपाल, उज्जैन, रतलाम, इंदौर, आगर, शाजापुर आदि जिलों के जिलाध्यक्ष के साथ ही धार जिला अध्यक्ष राजेंद्रसिंह सलवा मौजूद थे। अतिथियों ने कहा कि वर्तमान आरक्षण नीति देशहित में नहीं है। इसलिए इसकी समीक्षा जरूरी है। समय की मांग है कि आर्थिक आधार पर ही आरक्षण व्यवस्था लागू होना चाहिए। आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू न होने पर भविष्य में देश में कभी भी वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है। सरकार को चाहिए कि वह इसे समय रहते समझे और नीति की समीक्षा कर आर्थिक आधार पर इसे लागू करे, ताकि समाज में हर जाति, वर्ग के गरीब तबके को आर्थिक मजबूती मिल सके। वर्तमान आरक्षण नीति से कुछ वर्ग विशेष को ही लाभ मिल रहा है। जबकि हर जाति एवं वर्ग में गरीब तबके को वर्तमान दौर में आरक्षण की आवश्यकता है। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में रैली एवं जनसभा का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में 27 मई को मंदसौर व 31 मई को बड़नगर में रैली एवं सभा होगी।
सभा स्थल पर अतिथियों ने महाराणा प्रताप व धार जिले के अमर शहीद महाराव बख्तावरसिंह अमझेरा के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन किया। अतिथियों का स्वागत तहसील अध्यक्ष रविराजसिंह राठौर, आदित्यप्रतापसिंह, हर्षदीपसिंह चैहान, धर्मेंद्रसिंह राजावत, शैलेंद्रसिंह राणावत, किशोरसिंह राठौर, शिवराजसिंह राठौर, रूद्रप्रतापसिंह जादौन, कालूसिंह झाला, धीरेंद्रसिंह सिसौदिया, विजयप्रतापसिंह राठौर, भूपेंद्रसिंह राठौर आदि ने किया। संचालन दीपेंद्रसिंह झाला ने किया। आभार माना जिला संयोजक जितेंद्रसिंह मुरड़का ने।
एसडीएम को भी दिया आवेदन
समापन पर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सत्यनारायण दर्रो को दिया। जिसमें आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था करने की मांग की गई। इस वाहन रैली व सभा स्थल पर एसडीओपी कैलाश मालवीय, टीआई सुनील गुप्ता, तहसीलदार योगेंद्रसिंह मौर्य, एसआई शरद पाटील समेत बड़ी तादाद में बाहर से बुलाया गया पुलिस फोर्स भी मौजूद था। धार जिले में बदनावर में पहला आयोजन किया गया। जिसमें दूर दराज गांवों से आए कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।