पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 48.56 लाख की लागत से बना सीसी रोड उखड़ा, बिजली का पोल तक नहीं किया शिफ्ट

48.56 लाख की लागत से बना सीसी रोड उखड़ा, बिजली का पोल तक नहीं किया शिफ्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नप ने 48.56 लाख की लागत से वार्ड क्रं 7 डेलची रोड अयोध्या बस्ती में विशेष मद से सीमेंंट कांक्रीट एवं आरसीसी नाला निर्माण किया है। मार्ग पर जगह-जगह दरारें आ गई। मार्ग निर्माण के दौरान बीच सड़क पर लगा बिजली का पोल भी नहीं हटाया गया। जिससे मार्ग पर आवाजाही में परेशानी होगी। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है पोल सड़क के बीच आने की स्थिति में निर्माण एजेंसी को आवेदन देकर पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई करना थी। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया इस मार्ग का लोकार्पण करने वाले थे, लेकिन समयाभाव में उन्होंने निजी कॉलेज में ही इसका लोकार्पण कर दिया।

ठेकेदार अनिल कुमठ ने दो माह पूर्व सीसी रोड और आरसीसी नाले का निर्माण किया था। निर्माण के दौरान तकनीकी अधिकारी की गैर मौजूदगी में गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने से सड़क उखड़ने लगी है। रोड व नाला निर्माण में कहीं भी लेवलिंग नहीं की गई। नाला व रोड के बीच खाली जगह छोड़ दी। रहवासी उमराव के घर के सामने सड़क उखड़ गई है। नीम के पेड़ के सामने दरारें आ गई। उमराव के घर के सामने बीच सड़क पर लगा बिजली का पोल शिफ्ट किए बिना ही सड़क बना दी। जहां सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों के आवागमन में परेशानी आएगी। पोल के कारण हादसे का अंदेशा बना है।

रहवासियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि निर्माण के दौरान सीमेंट की कमी व घटिया सामग्री का उपयोग किया। नप में शिकायत करने पर ठेकेदार ने डराया धमकाया। ऐसे में उपयोग के पहले ही सड़क उखड़ गई है।

हादसे की जिम्मेदारी हमारी नहीं होगी- इंजीनियर

बीच सड़क पर लगा बिजली का पोल।

बिजली विभाग के इंजीनियर राजू कोटे का कहना है सड़क निर्माण के दौरान बिजली का पोल आने की स्थिति में निर्माण एजेंसी को पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई करना थी। पोल के पास निर्माण करना ठेकेदार की गलती है। बिजली कंपनी निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करेगी। दुर्घटना की स्थिति में भी निर्माण संस्था ही जिम्मेदार होगी।

मामला मेरे यहां आने से पहले का है-सीएमओ

सीएमओ राजकुमार ठाकुर का कहना है सड़क निर्माण का मामला मेरे यहां आने से पहले का है। फिर भी दिखवाता हूं उसमें क्या हो सकता है।

खबरें और भी हैं...