अब विद्यार्थियों को परीक्षा देने 20 किमी दूर नहीं जाना पड़ेगा
शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं गत 2 वर्षों से परीक्षा केंद्र ना होने से अनेक परेशानियों से जूझ रहे थे। गंधवानी विधायक उमंग सिंघार के प्रयास से समस्या का निदान हो गया। यूनिवर्सिटी ने महाविद्यालय को ही परीक्षा केंद्र बनाए जाने के निर्देश जारी कर दिए है।
शासकीय महाविद्यालय में अध्ययनरत लगभग 550 छात्र-छात्राओं को पिछले 2 वर्षों से परीक्षा देने के लिए 20 किमी दूर कुक्षी जाना पड़ता था। जिसके चलते ग्रामीण अंचलों से परीक्षा देने एवं वापस लौटने में खासकर छात्राओं को भारी परेशानी होती थी। बीते माह विधायक उमंग सिंघार कॉलेज में मोबाइल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां छात्र-छात्राओं ने समस्या से अवगत करवाते हुए परीक्षा केंद्र स्थानीय संस्था को ही बनाने के लिए आवेदन दिया था। विशेषकर छात्राओं का कहना था कि कुक्षी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देकर घर लौटने में उन्हें देर शाम हो जाती है। जिसके चलते असुरक्षा का भय रहता है।
विधायक सिंघार ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर कुलपति से चर्चा कर संबंधित विभागों में पत्र जारी किए। नतीजतन यूनिवर्सिटी ने इसी सत्र 2017-18 से परीक्षा केंद्र बाग में ही किए जाने के आदेश जारी कर दिए है। छात्र-छात्राओं को जैसे ही इसकी सूचना मिली उनमें खुशी है। बीए फाइनल के छात्र मनोज भूरिया ने कहा परीक्षा केंद्र ना होने से उन्हें बहुत परेशानी होती थी। परिवहन के साधन समय पर नहीं मिल पाते थे। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा कला डोडवे ने कहा परीक्षा केंद्र बन जाने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। कुक्षी से परीक्षा देकर घर लौटने में देर शाम होने से परिवार के सदस्य को भी साथ लेकर जाना पड़ता था। छात्र संघ के पदाधिकारियो ने विधायक के प्रयासों से सबसे बड़ी समस्या का निदान होना बताया।
इधर..30 बच्चों को साइकिल बांटी
लेबड़| लेबड़ के प्राथमिक विद्यालय व हाई स्कूल में कक्षा छठी से 9 वीं के बच्चों के लिए साइकिल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया। अतिथि सरपंच मांगीलाल गिरवाल थे। अतिथियों ने 30 बच्चों को साइकिल बांटी। कार्यक्रम में सभी बच्चे सहित पालक उपस्थित थे। प्रधानाध्यापक अर्चना आर्य, एस श्रीवास्तव, ज्याेति गुप्ता सहित स्टाफ मौजूद था।
विधायक के प्रयास से शासकीय महाविद्यालय बाग को बनाया परीक्षा केंद्र, छात्र-छात्राओं को राहत
स्मार्ट गर्ल वर्कशाॅप का आयोजन
बदनावर | यश काॅलेज में दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल वर्कशाॅप आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की सुरक्षा के लिए उन्हें सजग व सक्षम बनाने तथा सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना था। उन्हें सामाजिक प्रतिबंधों से मुक्ति दिलाकर आत्मविश्वास पैदा करने व सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने में मदद करना भी है। कार्यक्रम संस्था प्राचार्य डाॅ. मोईन खान के निर्देशन में प्रशिक्षक विक्रम पाटीदार एवं मयुर पोरवाल ने संपन्न करवाया। संस्था सचिव अमित जैन ने वर्कशाॅप में सम्मिलित लडकियों को ’’स्मार्ट गर्ल’’ बनने के लिए प्रेरित किया। जानकारी मनीष भारद्वाज ने दी।