बाल विवाह रोकने के लिए युवाअों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
ग्रामीणों को जागरूक करते युवा।
युवाओं ने बाइक रैली निकालकर किया जागरूक
भास्कर संवाददाता | बड़ौदा
गांवों में बाल विवाह रोकने के लिए ग्रामीण अंचल में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत मानव अधिकार आयोग मित्र हनुमान तिवारी की बाइक रैली मंगलवार को 15 गांव में पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने के बारे में कानूनी जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को बताया कि बाल विवाह में शामिल लोगों पर एक लाख रुपए तक जुर्माना और तीन साल कारावास की सजा हो सकती है। इस दौरान गांव गांव में लोगों को परिवार और समाज में बाल विवाह नहीं होने देने की शपथ दिलाई गई।
बाल विवाह रोका जागरूकता अभियान के तहत ग्राम पांडोला से शुरू हुई बाइक रैली मंगलवार को
ग्राम खेड़ली, मेखड़ी, सारसल्ली, बिलेंडी, राड़ेप, मालीपुरा, आवदा,फतेहपुर, नयागांव, ढोंढपुर, मऊ, जानपुरा, अजापुरा, चंद्रपुरा पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों से रूबरू हुए मानव अधिकार आयोग मित्र हनुमान तिवारी ने ग्रामीणों को बताया कि कम उम्र में शादी होने के बाद बेटे और बेटियों को जीवनभर शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। किसी बालिका को बाल विवाह जैसे अंधेरे कुएं में गिरने से बचाने की जिम्मेदारी परिवार और समाज की भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे सहालग के सीजन को देखते हुए बाल विवाह रोको जागरूकता अभियान ग्रामीण क्षेत्र में लगातार 15 जून तक चलेगा।