हवन कर मनाया भगवान परशुराम का प्रकटोत्सव
भगवान की आरती करते विप्रजन।
आयोजन : नागेश्वर मंदिर में हुए विभिन्न धार्मिक आयोजन, 22 को निकलेगा चल समारोह
भास्कर संवाददाता | बड़वाह
अक्षय तृतीया पर ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में नागेश्वर मंदिर परिसर स्थित गायत्री शक्ति पीठ में भगवान परशुराम जी का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। इसमें भगवान परशुराम का विशेष पूजन-अर्चन व हवन भी हुआ।
सुबह 9 बजे दादू पंडित, पं. गिरजा शंकर अत्रे, पं. प्रीतेश व्यास, अखिलेश गौतम, अखिलेश जोशी सहित अन्य वेदपाठी पंडितों ने भगवान परशुराम का विशेष पूजन अर्चन व हवन किया। समाजजनों ने हवन आहुतियां भी अर्पित की। जिसके बाद 11 बजे महाआरती की गई। इस दौरान बंधुओं ने महर्षि परशुराम पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
समाज अध्यक्ष सुबोध आरस ने कहा विप्रजगत के अराध्य भगवान परशुराम जी का संपूर्ण जीवन नित नई परीक्षाओं व चुनौतियों से परिपूर्ण रहा था। लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कभी सत्य व धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा। महापराक्रमी भगवान परशुराम ने सदैव अपने शस्त्र निर्बलों की रक्षा व अधर्मी, पापियों के संहार के लिए उठाए थे। आज की युवा पीढ़ी को भगवान परशुराम के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेना चाहिए। उनकी तरह दृढ़ संकल्पी बन विभिन्न सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर समाज व आत्म कल्याण की ओर अग्रसर रहना चाहिए। युवा वाहिनी अध्यक्ष अक्षय तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजजन व युवा उपस्थित थे।
21 को निकलेगी वाहन रैली
सर्व ब्राह्मण युवा वाहिनी के तत्वावधान में 21 अप्रैल को शाम 5 बजे वाहन रैली नागेश्वर मंदिर परिसर से निकलेगी। जो नगर के विभिन्न मार्गो से भ्रमण कर जय-जय परशुराम के जयघोष के साथ युवाओं व समाजजनों में उत्साह का संचार करेगी। 22 अप्रैल को शाम 4 बजे समाज के नागेश्वर मंदिर परिसर में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भगवान परशुराम का चल समारोह निकाला जाएगा